1000 टन बिस्किट का स्टॉक जलकर खाक
जबलपुर: शहर के रिछाई इंडस्ट्रियल इलाके में सोमवार दोपहर पारले-जी बिस्किट की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग दोपहर करीब 2 बजे पैकिंग क्षेत्र से शुरू हुई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. फैक्ट्री में रखा करीब 1000 टन बिस्कट का स्टॉक जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया. इसके अलावा पैकिंग सामग्री और बिस्किट बनाने वाली मशीनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आगजनी में करोड़ों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई.
जिस हिस्से में आग लगी, वहां बिस्किट का करीब 1000 टन स्टॉक रखा हुआ था. पूरा स्टॉक जल गया है. पैकिंग सामग्री के साथ बिस्किट निर्माण और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गईं. राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री में रखा कच्चा माल सुरक्षित है और आग वहां तक नहीं पहुंची. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.फैक्ट्री में सोमवार को छुट्टी होने के कारण कर्मचारियों की संख्या कम थी. घटना के समय केवल 10 से 12 कर्मचारी ही मौजूद थे. “काम नहीं हो रहा था केवल मशीनों का मेंटेनेंस चल रहा था. इसलिए जैसे ही आग लगी मौके पर मौजूद सभी कर्मचारी बाहर निकल गए. इस वजह से भीषण आग के बावजूद किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर तैयार माल और मशीनरी नष्ट होने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

