यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

मुख्यमंत्री ने महाकालपुरम प्रकल्प का किया भूमिपूजन, आदर्श विद्यालयों से ही नई पीढ़ी संस्कारित होगी : डॉ. यादव


प्रकल्प के लिए 1.25 करोड़ रूपये की घोषण की
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आदर्श विद्यालयों से ही नई पीढ़ी संस्कारित होगी। शिक्षा के नए प्रकल्पों की शुरुआत इस दिशा में एक शुभ संकेत है। विद्यालय व्यक्तिगत मान अपमान के लिए नहीं होते है। यहां पर सब लोग एक समान रुप में शिक्षा ग्रहण करते है। गुरु सांदीपनि की परंपरा का निर्वहन करते हुए उज्जैन से कृष्ण और सुदामा की नई पीढ़ी निकलेगी। डॉ. यादव उज्जैन के जियापुरा में विद्या भारती की मानव बाल कल्याण समिति के द्वारा निर्मित होने वाले बहुउद्देशीय महाकालपुरम प्रकल्प के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में महाअष्टमी के दिन शिक्षा के एक नए चरण की शुरुआत हो रही है। पहले से ही उज्जैन में दो सरस्वती शिशु मंदिर संचालित हो रहे है जो कि मध्यप्रदेश बोर्ड के अधीन है। यह नया प्रकल्प सीबीएसई के अनुसार शिक्षण प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने इस प्रकल्प के लिए पूर्व में स्वीकृत किए गए 75 लाख के अलावा 1.25 करोड़ रूपये स्वीकृत करने की घोषणा की है। डॉ. यादव ने महाकालपुरम का शिलान्यास एवं भूमि-पूजन किया।
प्रदेश में मोरों के पुनर्वास की नयी परियोजना शुरू होगी
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास की नयी परियोजना शुरू की जायेगी। बडऩगर में कवि प्रदीप सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि बडऩगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों एवं युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे। भाट पचलाना और इंगोरिया में नये सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। उज्जैन और आगर में आलू प्रसंस्करण की नई यूनिट प्रारंभ हो रही है, जो प्रदेश के 35 जिलों के किसानों से आलू खरीदेगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारी के लिये 25 हजार करोड़ के विभिन्न विकास कार्य प्रगतिरत हैं। मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा योजना पुन: प्रारंभ की गई है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम हुआ है। दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने एशिया से विलुप्त हो चुके चीतों को पुन: प्रदेश में स्थापित करने का कार्य किया है। सडक़ दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरो को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है तथा आवश्यकता पर एयर एम्बुलेंस एवं हेली सेवा के माध्यम से नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जायेगा। प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त हो गया है, मध्यप्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला प्रदेश बन गया है। बडऩगर में गीता भवन का निर्माण भी होगा।
नवरात्रि का पर्व देता है समाज में एकता और सद्भाव का संदेश
मुख्यमंत्री प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए। डॉ. यादव ने चुनरी यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि मां दुर्गा की आराधना का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख,शांति,वैभव और आनंद लेकर आए। मां के आशीर्वाद से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा प्रदेश में सुख-समृद्धि और खुशहाली का वातावरण बना रहे। डॉ. यादव ने कहा कि नवरात्रि का महापर्व हमें मां दुर्गा की आराधना के साथ जीवन में शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की प्रेरणा देता है। मां की कृपा सभी पर बनी रहे और आने वाले दशहरे और दीपावली के पर्व सभी के जीवन में खुशियां लेकर आएं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से जयकारे लगवाते हुए मां के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था व्यक्त की। डॉ. यादव ने चुनरी यात्रा के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चुनरी यात्रा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों,जातियों और पंथों के लोगों को एक साथ आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में सभी समान हैं। यहां ऊंच-नीच,अमीर-गरीब और जाति-पंथ का कोई भेद नहीं होता। मां के प्रति श्रद्धा और आस्था सभी को एक सूत्र में बांधती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता,आपसी सद्भाव और एकता को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *