यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा; 15 की मौत


26 घायल; शीतला माता के दर्शन के लिए लाइन में खड़े थे; 9 अफसर सस्पेंड
ग्वालियर
ग्वालियर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने 41 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मी समेत 26 लोग घायल हैं। प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के मेले के दौरान हुए भीषण सडक़ हादसे को लेकर एक नई आशंका सामने आई है। खबरों के मुताबिक, धान से लदा ट्रक कथित तौर पर गूगल मैप्स पर सुझाए गए शॉर्टकट रास्ते से मंदिर की ओर पहुंचा था। इसी दौरान ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई और वाहन श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो होमगार्ड जवान भी शामिल बताए गए हैं। ट्रक चालक और वाहन मालिक को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, ट्रक प्रतिबंधित मार्ग तक कैसे पहुंचा और हादसे की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जांच जारी है।
डबरा मंडी से आ रहा था ट्रक
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ट्रक डबरा मंडी से धान लेकर आ रहा था। चालक इस इलाके से परिचित नहीं थे। ऐसे में आशंका जताई गई कि उन्होंने गूगल मैप्स पर लोकेशन देखकर शॉर्टकट रास्ता चुना, जो मंदिर की ओर जाता था। बताया गया कि इस मार्ग पर पहले भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होती थी। हालांकि, गूगल मैप्स के कारण ही ट्रक इस रास्ते पर पहुंचा था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मंदिर से पहले ब्रेक फेल, भीड़ में घुसा ट्रक
सीएसपी रवि भदौरिया के अनुसार, मंदिर के पास पहुंचने से पहले ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ। रविवार तडक़े करीब 1:30 बजे दुर्घटना हुई, जब शारदीय नवरात्र मेले के कारण मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। ट्रक के भीड़ में घुसने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब मेले के दौरान मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था, चेक प्वाइंट और बैरिकेडिंग मौजूद थी, तो भारी वाहन प्रतिबंधित हिस्से तक कैसे पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, संबंधित रास्ता भारी वाहनों के लिए निर्धारित नहीं था। वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बात की जांच के आदेश दिए हैं कि ट्रक ने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कैसे किया और रास्ते में तैनात सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद उसे आगे बढऩे से क्यों नहीं रोका जा सका। फिलहाल ट्रक के ब्रेक फेल होने, उसके मंदिर तक पहुंचने के मार्ग और यातायात प्रतिबंधों के पालन जैसे पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में गूगल मैप्स के जरिए छोटा रास्ता चुनने की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसे हादसे का पुष्ट कारण नहीं माना जा सकता।
सीएसपी को तत्काल हटाने और 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश
भीषण सडक़ हादसे पर तीन थाना प्रभारी सहित आठ पुलिसकर्मी निलंबित ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं के साथ हुए भीषण सडक़ हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में लापरवाही सामने आने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि हादसे के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया और मंत्री कुशवाह ने घायलों का जाना हाल
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात शीतला माता मंदिर के समीप ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की सूचना मिलने पर दु:ख व्यक्त करते हुए सभी मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदनायें व्यक्त की हैं। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एवं प्रदेश के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह रविवार को जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और दुर्घटना में घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उनके परिजनों से चर्चा की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधकों से कहा है कि घायलों का समुचित उपचार हो, यह सुनिश्चित किया जाए। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एवं मंत्री कुशवाह ने हादसे में मृत हुए सभी श्रद्धालुओं के प्रति गहरा दु:ख व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *