यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

देश में विभाजन पैदा करना राहुल गांधी का लक्ष्य : सुधांशु त्रिवेदी


नई दिल्ली :भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के चेन्नई में दिए गए बयान पर पलटवार किया है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का लक्ष्य देश में विभाजन पैदा करना है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हमारी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अनर्गल और आधारहीन आरोप लगाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अराजकता फैलाने का अभियान चलाया जा रहा है। दुनिया की कई ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत तरक्की करे। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी इमरजेंसी की बात करते हैं, लेकिन क्या एक किलोमीटर की बैरिकेडिंग इमरजेंसी है?
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का लक्ष्य है कि देश में विभाजन कैसे पैदा किया जाए, जबकि भाजपा का लक्ष्य एकता है। उन्होंने राहुल गांधी के उस आरोप को भी गलत बताया, जिसमें कहा गया था कि नीट परीक्षा लागू होने से तमिल भाषा पर हमला हो रहा है। त्रिवेदी ने कहा कि तमिल भाषा का पूरा सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुआ है। इसके अलग-अलग आयामों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया गया है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग अवसरों पर तमिल भाषा, तमिल संस्कृति और तमिल प्रतीकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है। त्रिवेदी ने कहा कि चेन्नई, वीओसी और कामराजनगर में कार्गो क्रूज सुविधाओं को उन्नत करने के लिए तीन बंदरगाहों के विकास का काम किया गया है। इसके अलावा तमिलनाडु में रेल बजट के लिए 7,611 करोड़ रुपये दिए गए हैं। राज्य के 77 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए सिरे से विकसित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *