चंपत राय का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन होंगे ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव
अयोध्या : विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने अयोध्या में हुई श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के बाद कहा कि राम मंदिर चढ़ावे की कथित अनियमितताओं की जांच चल रही है. वीएचपी और संत समाज ने इस मामले में पूर्ण सहयोग का फैसला लिया है और दोषी पाए जाने वालों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है. उन्होंने बताया कि कृष्ण मोहन को चंपत राय की जगह ट्रस्ट का अंतरिम महासचिव बनाया गया है .
सुरेंद्र जैन ने स्पष्ट किया कि चढ़ावे से जुड़े आरोप पहली बार नहीं लगे हैं, लेकिन इस बार इन्हें गंभीरता से लिया गया है क्योंकि आरोप विभिन्न स्रोतों से आए हैं. उन्होंने कहा, “ट्रस्ट ने स्वयं उत्तर प्रदेश सरकार से जांच की मांग की थी. हम सरकार के इस कदम के आभारी हैं. उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के बाद संतों ने फैसला किया कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अफवाहों या राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए. संत समाज ने ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का समर्थन जताया और कहा कि जांच में पूर्ण सहयोग किया जाएगा. नए महासचिव के रूप मे कृष्ण मोहन की नियुक्ति को भी स्वीकार किया गया. सुरेंद्र जैन ने अखिलेश यादव पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ षड्यंत्र को भी अस्वीकार नहीं किया जा सकता है.
जो भी इस पाप से जुड़ा हुआ है, उसको सजा दिलाएंगे ट्रस्ट अध्यक्ष
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने मांग की कि इस पापपूर्ण कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए और जोर देकर कहा कि उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है और ऐसी घटनाएं भक्तों की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले को पूरी गंभीरता से लेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों को कड़ी सज़ा मिले। महंत नृत्य गोपाल दास ने आग्रह किया कि इस घटना को आस्था के मामले के तौर पर देखा जाए, न कि इसे राजनीतिक मुद्दा बनाया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच पूरी होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी और कानून अपना काम करेगा।
राम भक्त पहले भी धैर्य रखे थे आगे भी रखेंगे: सुरेंद्र जैन