शिमला । हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें भिलाई मूल के एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार हादसा बैरगढ़-सच पास-किलर मार्ग पर हुआ। कार बर्फ से ढके सच पास क्षेत्र की ओर जा रही थी, तभी अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घटना देर रात हुई, जबकि इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को अगले दिन मिली।
कार में बेंगलुरु से घूमने आए दो पर्यटक परिवार सवार थे। इनमें एक परिवार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला बताया गया है। परिवार वर्तमान में बेंगलुरु में रह रहा था, लेकिन उनकी जड़ें भिलाई से जुड़ी थीं। बताया जा रहा है कि पर्यटक डलहौजी घूमने पहुंचे थे और बर्फबारी वाले इलाकों का आनंद लेने के लिए टैक्सी से सच पास क्षेत्र की ओर निकले थे। रास्ते में हादसा हो गया। वाहन में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बचाव अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
हिमाचल में गहरी खाई में गिरी कार, 8 की मौत