सोनिया गांधी ने पाप किया, जनता माफ नहीं करेगी :अमित शाह


चित्तौडग़ढ़ :केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वंदे मातरम विवाद को लेकर कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम का गायन हो रहा था और इसी दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से इसे रोकने के लिए कहा। अमित शाह ने कहा “हम सब ने इसे टीवी पर देखा। 80 साल के बाद बंकिम बाबू का यह अमर गान जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वह भी सोनिया को रास नहीं आता है। सोनिया को 40 करोड़ जनता देख रही है, सोनिया द्वारा किए गए इस पाप को इस देश की जनता कभी माफ नहीं।”
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि वंदे मातरम के गायन को अधूरा छोड़ दिया जाए। बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि कांग्रेसियों को इस मामले में शर्म आनी चाहिए और अगर उनमें जरा भी शर्म बची है तो दो हाथ जोडक़र बंकिम बाबू की अमर आत्मा से और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने वोट बैंक के लालच में वंदे मातरम को भुला दिया। गृह मंत्री ने मांग की कि इस कृत्य के लिए कांग्रेस पार्टी को देश की जनता और राष्ट्रगीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और गीतों का इस तरह से अनावरण या अपमान बर्दाश्त करने योग्य नहीं है।
विकसित भारत के लिए गरीब, युवा और नारी को सशक्त बनाना होगा
केंद्रीय गृह मंत्री ने अलवर में आयोजित एक समारोह के दौरान कहा कि देश को वर्ष 2047 तक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से समाज के सभी प्रमुख वर्गों को अधिकार संपन्न बनाना आवश्यक है। अमित शाह ने कहा कि सहकारिता और डेरी क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने तथा पशुपालक किसानों के जीवन में सुधार लाने की क्षमता है। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के लिए हर साल महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 से 2026 तक खेती-किसानी से जुड़ी कोई बड़ी पहल किए बिना एक भी वर्ष नहीं गुजरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सबसे अधिक मात्रा में खाद्यान्न की खरीद की है। शाह ने कहा हम हर गांव को समृद्ध बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *