31 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 3600 करोड़

एडीआर ने मुख्यमंत्रियों के पृष्ठभूमि को लेकर जारी की रिपोर्ट
मोहन यादव के नाम एक भी क्रिमिनल केस नहीं

सबसे ज्यादा संपत्ति के मालिक कर्नाटक के मुख्यमंत्री
भोपाल: देश भर के राज्यों में सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने वाले मुख्यमंत्रियों के वित्तीय और आपराधिक पृष्ठभूमि का विश्लेषण एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने अध्ययन कर इसकी रिपोर्ट जारी की है. देश भर के इसमें सामने आया है कि देश के 31 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की औसतन संपत्ति 118.07 करोड़ रुपए है. इनमें सबसे ज्यादा चल और अचल संपत्ति के मालिक कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार हैं, जिनकी कुल संपत्ति 1413 करोड़ रुपए है. देश भर के 31 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 3600 करोड़ है.
रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों के शैक्षणिक स्थिति का भी विश्लेषण किया गया है. देश भर में 3 मुख्यमंत्री ही डॉक्टरेट हैं, इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी शामिल हैं. एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की कुल संपत्ति 42.04 करोड़ रुपए है. हालांकि उनके ऊपर 8 करोड़ रुपए की देनदारी भी है. मुख्यमंत्री मोहन यादव देश के उन 3 मुख्यमंत्रियों में शामिल हैं, जिनके पास डॉक्टरेट की डिग्री है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के ऊपर एक भी क्रिमिनल केस रजिस्टर्ड नहीं है. मोहन यादव के अलावा असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिसवा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी डॉक्टरेट हैं.
31 में से 14 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज
रिपोर्ट के मुताबिक देश के 31 मुख्यमंत्रियों में से 14 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं. कई मुख्यमंत्रियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, भ्रष्टाचार, जालसाजी जैसे कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं. इसमें सबसे ज्यादा आपराधिक मामले तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर दर्ज हैं. उनके खिलाफ 89 आपराधिक मामले हैं. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ 29 और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के खिलाफ 19 प्रकरण पंजीबद्ध हैं.
4 मुख्यमंत्री सबसे ज्यादा करोड़पति
रिपोर्ट के मुताबिक देश के 31 मुख्यमंत्रियों में से सबसे ज्यादा संपत्ति 4 मुख्यमंत्रियों के पास है. कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार 1413 करोड़ संपत्ति के मालिक हैं. हालांकि उन्होंने 265 करोड़ रुपए की देनदारी भी बताई है. इसके अलावा 246 करोड़ की विवादित देनदारी भी है. शिवकुमार पोस्ट ग्रेजुएट हैं.आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु की कुल संपत्ति 931 करोड़ रुपए है. उनकी कुल देनदारी 10 करोड़ रुपए है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की कुल संपत्ति 648 करोड़ रुपए है. उन पर 7 करोड़ की देनदारी और 4 करोड़ की विवादित देनदारी है. थलापति विजय 12वीं पास हैं.अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडु की कुल संपत्ति 332 करोड़ रुपए की है. उन पर कुल देनदारी 180 करोड़ रुपए है. मुख्यमंत्री ग्रेजुएट हैं. इन 4 मुख्यमंत्रियों के अलावा बाकी सभी मुख्यमंत्रियों की संपत्ति 46 करोड़ और उससे कम है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *