देश चलाना है तो कानून भी बनेंगे: रिजिजू

कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार आरोप लगाते रहे है
नई दिल्ली : संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के उन आरोपों को खारिज किया है जिसमें विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सरकार ने बिना चर्चा किए नए बिलों को संसद से पास करा दिया। विपक्ष के इन आरोपों का जवाब देते हुए रिजिजू ने कहा कि ऐसे आरोप कोई नई बात नहीं हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार इस तरह के आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता सूचीबद्ध विधेयकों को पारित कराना और संसद के तय कामकाज को पूरा करना है। आखिर देश को आगे बढ़ाने के लिए कानून बनाने पड़ते हैं।
रिजिजू ने कहा संसद को बजट और अन्य महत्वपूर्ण मामलों को भी मंजूरी देनी होती है। अगर लगातार हंगामे के कारण सरकार जरूरी विधेयक भी पारित नहीं करा पाए, तो फिर संसद चलाने का उद्देश्य ही क्या रह जाएगा? उन्होंने कहा कि सरकार विधेयक पारित कराती रहेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष बाद में यह आरोप न लगाए कि बिना चर्चा के बिल पारित किए गए, क्योंकि चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। सांसद पप्पू यादव के विरोध-प्रदर्शन के तरीके पर किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकसभा स्पीकर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि संसद वेशभूषा बदलकर प्रदर्शन करने का मंच नहीं है। उन्होंने कहा कि सांसदों को अपनी गरिमा और गंभीरता बनाए रखनी चाहिए। अगर कोई सांसद है, तो उसका व्यवहार भी उसी गरिमा के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संसद नाटकबाजी की जगह नहीं है और स्पीकर इस बारे में पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं, इसलिए उन्हें इसे दोहराने की जरूरत नहीं है। रिजिजू ने कहा कि उनका मानना है कि जो राजनीतिक दल लगातार चुनाव हार रहे हैं, उन्हें दूसरों या छात्रों के मुद्दों को ढाल बनाकर संसद की कार्यवाही बाधित नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई दल ईमानदारी से मेहनत करेगा, तो जनता निश्चित रूप से उसका समर्थन करेगी। लेकिन मेहनत करने के बजाय इस तरह का व्यवहार अपनाने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक, ऐसी राजनीति को लोग गंभीरता से नहीं लेते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *