सिर्फ सरकार-भगवान के भरोसे रहने से नहीं बदलेगा देश :गडकरी

नागपुर :जल संवाद’ सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पर्यावरण की रक्षा और देश की तरक्की के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर काम के लिए सरकार पर निर्भर रहना ठीक नहीं है। गडकरी ने समाज की एक बड़ी कमजोरी की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि लोग सरकार और भगवान पर बहुत ज्यादा भरोसा करते हैं। उनके अनुसार, अगर इन दोनों ने सही ढंग से काम किया होता, तो देश की स्थिति बहुत पहले ही बदल गई होती।
गडकरी ने कहा कि देश को बदलने के लिए हमें हर व्यक्ति और समाज को जगाना होगा। जब लोग मिलकर काम करेंगे, तभी बदलाव आएगा। पर्यावरण की रक्षा और जल संरक्षण पर बात करते हुए गडकरी ने नए और परखे हुए मॉडलों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमें सरकार के भरोसे बैठे बिना खुद नए तरीके खोजने होंगे। गडकरी ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार के पास इतने बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए पर्याप्त बजट नहीं है। इसलिए हमें तकनीक का सहारा लेना होगा। सामाजिक पहलों के माध्यम से आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, नवाचार, उद्यमिता, विज्ञान, तकनीक, कौशल और सफल प्रयोगों का मेल ही ‘ज्ञान’ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस ज्ञान को धन में बदलना ही भविष्य है। उन्होंने सामाजिक प्रयासों से आत्मनिर्भर बनने की बात कही। गडकरी ने अंत में कहा कि संस्था के 25 वर्षों के सफर ने यह साबित कर दिया है कि जनभागीदारी से सब कुछ मुमकिन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *