केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी
बस्तर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज हम गर्व से कह सकते हैं कि भारत अब नक्सल मुक्त हो चुका है. जबतक बस्तर का संपूर्ण विकास नहीं होता हम चैन से नहीं बैठेंगे. नक्सलियों ने भीषण रक्तपात बस्तर में किया. विकास से बस्तर को कोसों दूर रखा. कई पीढिय़ां इस हिंसा में बर्बाद हो गई. हमारे वीर जवानों ने इस हिंसा को तीन से चार सालों में पूरी तरह से खत्म कर दिया. नक्सल उन्मूलन के इतिहास में हमने स्वर्ण अक्षरों से नए अध्याय को लिखा है
रायपुर में डायल 112 वाहनों को हरी झंडी दिखाने के बाद अमित शाह ने कहा कि बस्तर में जो बदलाव होना चाहिए था, अब वो दिखाई देने लगा है. अमित शाह ने कहा बस्तर में हम बुनियादी सुविधाओं को डेवलप करने का काम कर रहे हैं. बस्तर के हर कोने तक विकास हो इसके लिए काम किया जा रहा है. अमित शाह ने कहा कि पहले माओवादी विकास की राह में रोड़ा बने हुए थे. स्कूल, अस्पताल और रोड तीनों को बमों से उड़ा देते थे. लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. नक्सलवाद के खात्मे के बाद इन तीनों क्षेत्रों में विकास का काम तेजी हो रहा है. बस्तर के लोगों को वो सभी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी जिसके वो हकदार हैं.जब हमने नक्सलवाद के खात्मे की रुपरेखा बनाई तो कई लोगों ने कहा कि ये असंभव है. लेकिन मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से ये सफल हुआ. अमित शाह ने जनता से वादा किया कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी. राज्य और केंद्र की योजनाओं से जनता को जोड़ा जाएगा. शासन की योजनाएं लोगों तक पहुंचे इसके लिए जन सुविधा केंद्रों को हाईटेक किया जाएगा. राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित तमाम काम बस्तर में होंगे.अमित शाह ने कहा कि बस्तर का विकास रायपुर की तर्ज पर होगा. जो काम रायपुर में होता है, वही काम यहां बस्तर में होगा, अमित शाह ने कहा कि बस्तर का सर्वांगीण विकास हो इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. जिन्होने हथियार डाले हैं उनके परिजनों को मैं कहना चाहता हूं कि वो जल्द समाज की मुख्यधारा से जुडक़र आपके बीच रहेंगे
मैं गर्व से घोषणा करता हूं कि भारत अब नक्सल मुक्त है: अमित शाह