यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

शहरों को आधुनिक, निवेश अनुकूल बनाना सरकार की प्राथमिकता: डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 का किया शुभारंभ
इंदौर, उज्जैन और भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य जारी
वर्ष 2047 तक इंदौर-उज्जैन-भोपाल क्षेत्र में 20 लाख रोजगार के अवसर होंगे सृजित
भविष्य में लगभग 15 टाउनशिप की जाएंगी
प्रदेश में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश को उतारा गया धरातल पर
मध्यप्रदेश में डेला ग्रुप करेगा 2 हजार 250 करोड़ का निवेश
भोपाल में विकसित होगी लक्जरी रेसकोर्स परियोजना
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, निवेश-अनुकूल, पर्यावरण-संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इंदौर, उज्जैन और भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य तेजी से किया जा रहा है। वर्ष 2047 तक इस क्षेत्र में लगभग 20 लाख रोजगार के अवसर सृजित करने, 12 से 15 नई टाउनशिप विकसित करने तथा 25 से 30 हजार एकड़ क्षेत्र में नियोजित शहरी विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इंदौर फ्यूचर सिटी में लगभग 5 हजार एकड़ क्षेत्र में आवास, उद्योग और रोजगार आधारित विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री इंदौर में आयोजित अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर केवल आवासीय क्षेत्र नहीं, बल्कि उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के प्रमुख केंद्र हैं। शहरी विकास को आधुनिक अधोसंरचना, जल सुरक्षा, किफायती आवास और बेहतर जीवन गुणवत्ता से जोडक़र भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। कॉन्क्लेव में निवेशकों के साथ शहरी विकास एवं अधोसंरचना में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इससे प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश को धरातल पर उतारा जा चुका है। औद्योगिक कॉरिडोर, सडक़ नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, नवकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन और आधुनिक अधोसंरचना के विकास के साथ सेमीकंडक्टर सहित आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत ञ्च2047 के संकल्प को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश निवेश, उद्योग, तकनीकी विकास और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। डॉ. यादव ने जल संरक्षण एवं उपचारित जल के पुन: उपयोग के लिए उपचारित अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण एवं पुन: उपयोग नीति-2026 तथा किफायती आवास उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश अर्बन अफोर्डेबल हाउसिंग एंड हैबिटेट पॉलिसी-2026 के ड्रॉफ्ट जारी किए। उपचारित जल के पुन: उपयोग का लक्ष्य वर्ष 2037 तक 50 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत 2,013 करोड़ रुपये की शहरी अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं के लिए वित्तीय समझौते किए गए। विभिन्न एमओयू के माध्यम से औद्योगिक जल के पुन: उपयोग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और शहरी विकास में तकनीकी सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल महालोक के विकास के बाद धार्मिक पर्यटन का विस्तार हुआ है। प्रतिवर्ष लगभग 7 करोड़ लोगों के उज्जैन आगमन से होटल, परिवहन, व्यापार, रोजगार और रियल एस्टेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों के अवसर बढ़े हैं। इंदौर से अबू धाबी की उड़ान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए सहायता उपलब्ध करा रही है। बेहतर सडक़ नेटवर्क और औद्योगिक कॉरिडोर के विस्तार से भी क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
सरकार हितग्राहियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कर रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण परिवारों को संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हितग्राहियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कर रही है। उन्होंने निवेशकों, उद्योगपतियों और रियल एस्टेट क्षेत्र के प्रतिनिधियों से मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योग, व्यापार, आवास और आधुनिक शहरी विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन प्रयासों से प्रदेश में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों एवं निवेशकों से की वन-टू-वन चर्चा
मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में विभिन्न उद्योगपतियों एवं निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा की। डेला ग्रुप के संस्थापक एवं सीएमडी जिमी मिस्त्री ने मुख्यमंत्री से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान भोपाल में 220 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित 2,250 करोड़ रूपये की डेला रेसकोर्स परियोजना पर चर्चा हुई। लोकेश कुमार जीनगर के साथ सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, सनग्रो एफपीवी के राहुल मिश्रा और क्वांट सोलर के पंकज कुमार के साथ फ्लोटिंग सोलर तकनीक और जलाशयों पर सौर ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा हुई। पुरवाह ग्रीन पॉवर के संदीप कश्यप के साथ सौर एवं पवन ऊर्जा आधारित हाइब्रिड परियोजनाओं और मेडुला सॉफ्ट के शांतनु शर्मा के साथ स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट एवं आधुनिक परिवहन तकनीक से जुड़े विषय प्रमुख रहे। पुरवणकरा लिमिटेड के सीईओ मल्लन्ना सासलु और क्लासिक ग्रुप के प्रबंध निदेशक संदीप श्रीवास्तव के साथ आवासीय एवं वाणिज्यिक परियोजनाओं और नियोजित शहरी विकास, प्रोटीन ई-गव टेक्नोलॉजीज के चीफ बिजऩेस एंड प्रोडक्ट ऑफिसर राकेश दोसी के साथ डिजिटल सार्वजनिक अधोसंरचना एवं नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं और जोस्टल के धर्मवीर सिंह चौहान के साथ पर्यटन सुविधाओं, नए पर्यटन सर्किट और अनुभव आधारित पर्यटन के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश पर चर्चा हुई
नीरकेयर इंडिया लिमिटेड के सीएमडी नीरज श्रीवास्तव के साथ जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन, पुनर्चक्रण और अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन, वोल्टारिस ईवी सॉल्यूशन के सह- संस्थापक एवं निदेशक अनुज कुमार के साथ इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एवं तकनीक आधारित समाधानों और ब्लेन रॉबर्ट डिजाइन के संस्थापक एवं डिज़ाइन डायरेक्टर ब्लेन रॉबर्ट के साथ आधुनिक वास्तुशिल्प, आवासीय एवं व्यावसायिक डिजाइन और इंदौर में कंपनी के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सिएल एंड टेरे के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ दीपक उषा देवी के साथ फ्लोटिंग सोलर तकनीक और ओंकारेश्वर सौर परियोजना के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सेम्बकॉर्प ग्रीन इन्फ्रा लिमिटेड के चीफ कमर्शियल ऑफिसर राजेश जोलदेव के साथ सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश और विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में कंपनी की 40 मेगावाट क्षमता की परियोजना संचालित है। लॉन्गस्पैन स्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ श्री सत्यजीत निंबालकर से प्रदेश में यूएचपीएफ़आरसी तकनीक के उपयोग, प्रीकास्ट अधोसंरचना के विस्तार तथा सडक़ एवं राजमार्ग निर्माण में आधुनिक और टिकाऊ तकनीकों को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। नीति आयोग की प्रमुख सलाहकार सुश्री अन्ना रॉय से आईईआर रिपोर्ट के संबंध में चर्चा की। वेलस्पन वर्ल्ड के असिस्टेंट वाईस प्रेसिडेंट अभिमन्यु राजवंशी से भी चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *