कसर
मैराथन ने सतना को बनाया उत्सव का नगर : विश्वास सारंग
धावकों की भागीदारी में दिखी लघु भारत की तस्वीर: लखन पटेल
सतना । श्रीमती शांति मिश्रा जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र के नेतृत्व में आयोजित सतना हाफ मैराथन 2026 का सातवां संस्करण रविवार को अभूतपूर्व उत्साह, जनभागीदारी और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। शासकीय व्यंकट उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के खेल मैदान से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों के 91 जिलों से आए कुल 5,029 धावकों ने हिस्सा लिया। इनमें लगभग 2,500 महिलाओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
पूरे शहर में सूरज की पहली किरण के साथ गुलाबी रंग की छटा, धावकों का उत्साह, नागरिकों की सहभागिता और जगह-जगह हुए स्वागत-सत्कार ने सतना को उत्सव के नगर में बदल दिया। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर युवा दौड़ और 5 किलोमीटर अमृत दौड़ के माध्यम से खेल, स्वास्थ्य, फिटनेस, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मुख्य आतिथ्य में हुआ। विशिष्ट अतिथियों में मध्य प्रदेश शासन के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन के उपाध्यक्ष संजीव कांकर, सतना के महापौर योगेश कुमार ताम्रकार, विजय यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे, बिरला विकास हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. संजय माहेश्वरी, सार्थक हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुनील अग्रवाल, सतीश सुखेजा तथा चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार उपस्थित रहे। अतिथियों ने परम पूज्य माताजी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात केसरिया झंडी दिखाकर 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ का शुभारंभ किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए धावकों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।

