यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

ग्वालियर हादसे में दोषियों के विरुद्ध लिया जाएगा सख्त एक्शन: डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने की ग्वालियर में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा
आवश्यकता अनुसार उपलब्ध कराई जाएगी एयर एंबुलेंस
परिजनों को दी 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायत
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर में हुए हादसे में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। विस्तृत प्रतिवेदन के आधार पर सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त एक्शन लिया जाएगा। मुख्यमंत्र ग्वालियर में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर में बीती रात हुई घटना में घायल लोगों से वे केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद एवं विधायकों के साथ अस्पताल जाकर मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने की है। आवश्यकता होने पर ग्वालियर से बाहर किसी चिकित्सा संस्थान में उपचार के लिए घायलों को भेजने के लिये एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घायलों को हर संभव बेहतर उपचार मिले। चिकित्सकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिकांश घायलों की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार है। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करवाई जा रही है। साथ ही, घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक घायल व्यक्ति और उसके परिवार के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझा जा रहा है और जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। हमारा संकल्प है कि प्रत्येक घायल को समय पर बेहतर उपचार मिले, प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मिले।
दुर्घटना में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों को बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में शनिवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे के प्रभावित परिवारों से भेंट कर ढांढस बंधाया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। डॉ. यादव ने हादसे में दिवंगतों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। डॉ. यादव ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत स्थित शीतला माता मंदिर के समीप हुए दुखद हादसे में कई लोगों की असामयिक मृत्यु पर सोमवार को परिजनों से मिलने के लिये उनके निवास पहुँचे। डॉ. यादव के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। मुख्यमंत्रीने दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने राज्य शासन की ओर से तात्कालिक सहायता के रूप में 10 मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे।
ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर घायलों के स्वास्थ्य की ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढाँढस बँधाया। डॉ. यादव ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी ताकत के साथ आप सबके साथ खड़ी है। सभी घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार कराया जाएगा। जरूरत पडऩे पर गंभीर रूप से घायल मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी सरकार उपलब्ध करायेगी। डॉ. यादव ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के साथ उनके उपचार की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि उपचार व्यवस्था पर सतत नजर रखें और मरीजों तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएँ।
दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दु:खद घटना के मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की गहन जाँच के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है। जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे, उनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *