प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
युवाओं के पास दुनिया को समाधान देने की ताकत
भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता
चेन्नई:तमिलनाडु के चेन्नई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, अलग सोचने और निडर होकर अपने विचारों पर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा महान कवि सुब्रमण्यम भारती के शब्द हमें निडर होकर जीने की प्रेरणा देते हैं। मैं यहां मौजूद सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि खुद को निडर बनने का मौका दें। अपने विचारों पर काम करें, बड़े सपने देखें, अलग सोचें और निडर बनें।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि छोटे-छोटे योगदान बड़ा बदलाव ला सकते हैं और एक छोटी-सी कोशिश भी बड़ा असर पैदा कर सकती है। मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए जरूरी नए विचार और समाधान न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया का भविष्य तय करेंगे। आज दुनिया समाधान तलाश रही है और युवाओं में ये समाधान देने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि भारत में आज असीम अवसर हैं। हर युवा को अपने भविष्य को बड़े लक्ष्य के साथ देखना चाहिए, क्योंकि यह उनका समय और अवसर है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि सब मिलकर विकसित भारत के सपने को पूरा करेंगे। मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है। 2014 के बाद से देश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 11 गुना बढ़ा है, जबकि रक्षा निर्यात में 50 गुना वृद्धि हुई है। इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। विनिर्माण क्षेत्र में इस वृद्धि से देश के युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। आज देश में बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है, जिससे जहाजरानी क्षेत्र नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके। मोदी ने आगे कहा कि कुछ दिन पहले ही मैंने 25 वर्षों का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है।
देश को मजबूत बनाने के लिए राज्यों को मजबूत करना जरूरी
पीएम ने कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए राज्यों को मजबूत करना जरूरी है। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार तमिलनाडु जैसे राज्यों में मैन्युफैक्चरिंग यानी सामान बनाने वाले उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं से भी तमिलनाडु को फायदा मिल रहा है। पीएमके मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में बढ़ोतरी से देशभर में युवाओं के लिए लाखों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के मौके बने हैं। इसमें तमिलनाडु की भी अहम भूमिका रही है।

