छात्रों को राजनीतिक औजार के रूप में इस्तेमाल कर रहे :राजनाथ


छात्रों की हर चिंता सुनना हमारी जिम्मेदारी
नई दिल्ली:जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि छात्रों की बात सुनना हमारी जिम्मेदारी है और विपक्ष बच्चों को गुमराह कर रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा “दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन बेहद गंभीर चिंता का विषय है और यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश के छात्रों और नौजवानों को कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए राजनीतिक औजार के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार विद्यार्थियों और नौजवानों की आकांक्षाओं को पूरा करने और उनके कल्याण के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छात्रों की हर चिंता को सुनना और उसका समाधान करना हम सब की जिम्मेदारी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि देश के नौजवान विकास और राष्ट्र के निर्माण को चुनेंगे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भारत के जागरूक, परिपक्व और विवेकशील युवा ऐसे भ्रामक प्रयासों को भली-भांति समझते हैं और वे प्रगति, विकास तथा राष्ट्रनिर्माण के मार्ग को ही चुनेंगे। राजनाथ ने कहा कि हम इस बात के लिए प्रतिबद्ध हैं कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर हमारे छात्रों और युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न हो। विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा जान-बूझकर पैदा किया गया गुस्सा केवल जनता, विशेषकर हमारे बच्चों और युवाओं को भ्रमित करने और गुमराह करने का एक असफल प्रयास है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भावनाओं और उनकी चिंताओं के प्रति हम पूरी तरह संवेदनशील हैं। संसद का सत्र चल रहा है, सरकार ने हर मुद्दे पर सार्थक बहस करने की भी बात कही है, मगर विपक्ष संसद में नहीं बल्कि सडक़ पर मुद्दों का समाधान करने का अनुचित प्रयास कर रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मुद्दों पर चर्चा करने की जगह संसद भवन है, जहाँ विपक्ष अपनी बात कहने के लिए स्वतंत्र है। इसलिए यदि विपक्ष गंभीर है तो मौजूदा मानसून सत्र को सुचारु रूप से चलाने में व्यवधान न उत्पन्न करे और संसद में ही सभी मुद्दों पर देश का ध्यान आकर्षित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *