अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में नौ लोगों की मौत की हो गई है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, मौके पर दमकल की कई गाडिय़ां आग बुझाने में जुटी हैं। जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद में मेहमदपुरा स्थित टैलेंट पटाखा फैक्टरी में आग लगी, इसके बाद फैक्टरी में रखे विस्फोटक से धमाके होने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई
पटाखा फैक्टरी में आग लगने के बाद धुएं का गुबार कई सौ मीटर ऊपर तक गया, जिसे कुछ किलोमीटर दूर से भी देखा गया। इस फैक्टरी में आग कैसे लगी इसकी जानकारी अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। हादसे के समय फैक्टरी में 15 लोग काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी बिना लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन विस्फोट के कारणों की जांच में जुटे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बिना लाइसेंस के फैक्टरी कैसे संचालित हो रही थी और सुरक्षा मानकों में कहां लापरवाही बरती गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीएम ने घटना पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्टरी में हुए हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। पीएमओ के आधिकारिक एक्स हैंडल से एक पोस्ट में लिखा गया ‘दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे’।”
गुजरात में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, नौ की मौत, 15 गंभीर रूप से घायल