सपा-कांग्रेस ने बुंदेलखंड के युवाओं को तमंचे दिए: आदित्यनाथ


पाकिस्तान भी ‘बाप-बाप’ करके चिल्लाता दिखाई देता है।
बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनकी सरकारों ने बुंदेलखंड को डकैत और स्थानीय युवाओं को तमंचे पकड़ा दिये थे, मगर भारतीय जनता पार्टी सरकार ने मूलभूत ढांचे, रोजगार और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिये इस पिछड़े इलाके की तस्वीर ही बदल दी है। उन्होंने कहा कि जो बुंदेलखंड कभी पलायन, सूखे और खराब कानून-व्यवस्था के लिए जाना जाता था वह भाजपा की ‘डबल-इंजन सरकार’ के राज में यातायात सम्पर्क, निवेश और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र बनकर उभरा है।
आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोगों ने नौजवानों को नौकरी तो नहीं दी लेकिन उनके हाथ में तमंचे पकड़ा दिये थे और हमारी सरकार अब बुंदेलखंड को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का एक हब बना रही है।’उन्होंने कहा कि सरकार ब्रह्मोस जैसी मिसाइल बनाती है और वह मिसाइल जब दुश्मन पर दागी जाती है तो पाकिस्तान भी ‘बाप-बाप’ करके चिल्लाता दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यह भारत का शौर्य है, यह भारत का पराक्रम है, भारत के बहादुर जवानों के लिए भारत की विजय का शंखनाद है और बुंदेलखंड उसका केंद्र बिंदु बन रहा है। उन्होंने कहा, ‘अगर कोई भू माफिया या डकैत चुनाव जीतकर जाएगा तो वह व्यापारी का अपहरण करेगा, सम्मानित लोगों की जमीनों पर कब्जा करेगा और गरीबों को उजाड़ेगा। वर्ष 2017 के पहले यही तो होता था।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में कहीं खनन माफिया, कहीं लैंड माफिया, कहीं सैंड माफिया और कहीं पर डकैतों का ऐसा आतंक था कि किसान भी खेत में जाने से डरते थे। उन्होंने कहा कि पहले न तो कनेक्टिविटी थी, न पेयजल और सिंचाई की सुविधा थी, न नौकरी-रोजगार था और बेटियों की सुरक्षा भी नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *