भारत केवल हिंदुओं का नहीं, बल्कि सभी भारतीयों का
नागपुर : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और भाजपा को उन्हीं विचारों के साथ आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी समुदाय के खिलाफ नहीं है। सभी धर्मों के लोगों को राष्ट्रीय आदर्शों से जोडक़र भारत को ‘विश्वगुरु’ बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत केवल हिंदुओं का नहीं, बल्कि सभी भारतीयों का है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व्याख्यानमाला को संबोधित करते हुए गडकरी ने कांग्रेस और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने जनसंघ, जो बाद में भाजपा का पूर्ववर्ती संगठन बना, उसके बारे में गलत धारणाएं फैलाने का काम किया। गडकरी ने विभाजन का जिक्र करते हुए कहा “दो देश भारत और पाकिस्तान बने। उनके बनने के बाद का इतिहास सभी जानते हैं और आज भी हम उसके परिणाम भुगत रहे हैं।” उन्होंने कहा “आज भी भाजपा की विचारधारा की सबसे बड़ी पहचान यह है कि राष्ट्र सर्वोपरि है। राष्ट्रवाद हमारी सामूहिक आस्था, श्रद्धा और प्रेरणा है। राष्ट्रभक्ति डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन की भी सबसे बड़ी विशेषता थी। लेकिन कांग्रेस और पंडित जवाहरलाल नेहरू ने तुष्टिकरण की नीति अपनाई।” गडकरी ने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस ने धर्मनिरपेक्षता के नाम पर तुष्टिकरण की नीति अपनाई। उन्होंने कहा कि इससे धर्मों के बीच विभाजन बढ़ा और जातिवाद तथा सांप्रदायिकता को बढ़ावा मिला।
भाजपा को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार पर आगे बढऩा चाहिए: गडकरी