प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मजबूत हो रहा देश का डिफेंस सेक्टर : डॉ. यादव

मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री ने अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस प्लांट का किया भूमिपूजन

आयात करने वाला भारत अब बन गया है रक्षा उत्पादों का निर्यातक
आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को शिवपुरी से मिलेगी नई शक्ति
भोपाल :मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारा मध्यप्रदेश तेज़ी से निवेश, उद्योग और रोजगार का विश्वसनीय केंद्र बन रहा है। मध्यप्रदेश आज सिफऱ् एक विशाल औद्योगिक परियोजना का साक्षी नहीं, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के नए युग का उद्घोष कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारत अपनी सुरक्षा के लिए किसी अन्य देश पर निर्भर नहीं है, बल्कि स्वदेश में निर्मित आधुनिक रक्षा उपकरणों के बल पर दुनिया के सामने अपनी सामर्थ्य का परिचय दे रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का डिफेंस सिस्टम बेहद मजबूत हो गया है। हमारी आंतरिक और बाहरी सुरक्षा और मजबूत हो गई है। प्रधानमंत्री की विजनरी लीडरशीप में रक्षा उत्पादों का आयात करने वाला हमारा देश अब बीते कुछ ही सालों में रक्षा उत्पादों का निर्यातक बन गया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में अब निजी क्षेत्र की भूमिका भी लगातार मजबूत हो रही है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर हो गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार ने ग्वालियर-चंबल को संबल दिया है। मुख्यमंत्री शिवपुरी शहर के पोलोग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अनाउंसमेंट की नही डेवलपमेंट की सरकार है। पिछले 6 महीने में हमने मध्यप्रदेश में सेवा, संकल्प और सुशासन का नया अध्याय लिखा है। हमारी इन्वेस्मेंट फ्रेंडली नीतियों और सरल प्रक्रियाओं से मध्यप्रदेश देश में निवेश का नया और भरोसेमंद केन्द्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि अडानी ग्रुप द्वारा स्थापित किया जा रहा यह अत्याधुनिक रक्षा उत्पादन केंद्र देश की सामरिक आवश्यकताओं की आपूर्ति करेगा। साथ ही रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक, नवाचार और विनिर्माण क्षमता को भी नई गति देगा। इस डिफेंस प्रोडक्ट प्लांट में बनने वाले गोला बारूद और स्वदेशी मिसाइलें देश की सुरक्षा को और मजबूती देंगी, वहीं क्षेत्रीय युवाओं एवं जरूरतमंदों के लिए यहां करीब 4 से 5 हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय लघु रक्षा उत्पादन इकाइयों को नई पहचान मिलेगी और एक सुदृढ़ सप्लाई चेन विकसित होगी, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी। डॉ. यादव ने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधाओं में लैस यह प्लांट दक्षिण एशिया में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा मिसाइल इकोसिस्टम मैन्युफैक्चरिंग प्लांट होगा, जो देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को एक मजबूत आधार भी देगा। उन्होंने कहा कि हमने राज्य में उद्योग, अधोसंरचना और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। इससे वैश्विक स्तर की मेगा मेन्यूफेक्चरिंग यूनिट्स अब मधप्रदेश में स्थापित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह रक्षा उत्पादन केंद्र क्षेत्रीय विकास का नया अध्याय लिखेगा और भारत को रक्षा क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर एवं समर्थ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
देश के रक्षा उत्पादन नक्शे पर अब शिवपुरी का नाम भी : सिंधिया
केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह भारत का दौर है। आज हमारा भारत आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करता है। भारत की पहचान अब एक प्रगतिकारक, आत्मनिर्भर और रक्षा उत्पाद निर्माता भारत के रूप में हो रही है। मेक इन इंडिया, आत्मर्भिर भारत और डिफेंस कॉरिडोर जैसी दूरदर्शी नीतियों के परिणामस्वरूप भारत डिफेंस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की सीमाओं को मजबूती देने के लिए मिशन सुदर्शन चक्र और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिवपुरी की धरती पर आज अदाणी डिफेंस यूनिट का भूमिपूजन हो गया है। अब यहां विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी ग्रुप के ऑनर गौतम अदाणी ने मध्यप्रदेश में विभिन्न सेक्टर्स में कुल 1.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की थी। शिवुपरी में डिफेंस यूनिट की स्थापना श्री अदाणी की उसी घोषणा के परिपालन में धरातल में किया गया एक प्रयास है। श्री सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का वह अनूठा प्रदेश है, जहां आने वाले निवेशकों का सिर्फ दिल ही नहीं, उनका विश्वास भी जीता जा रहा है। अदाणी ग्रुप के इस डिफेंस प्लांट के निर्माण से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि भारत के रक्षा उत्पाद मानचित्र में अब शिवपुरी जिले का नाम भी स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते 5 सालों की अथक मेहनत के बाद आज शिवपुरी में इस डिफेंस प्लांट की स्थापना यह बताती है कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के प्रति उद्योग जगत और निवेशकों का भरोसा दिनो-दिन बढ़ रहा है। शिवपुरी, ग्वालियर से कोटा एक्सप्रेस-वे, आगरा-मुम्बई एक्सप्रेस-वे सहित हर तरफ से देश से जुड़ा हुआ है। इससे यहां निवेश करने वाले उद्योगपतियों को लाजिस्टिक्स की सभी सुविधाएं मुहैया हो जाती है, इसीलिए यह पूरा क्षेत्र निवेश का उभरता पावर हाऊस बनता जा रहा है। इस क्षेत्र में नई-नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अदाणी ग्रुप की यह इकाई भारत की रक्षा आपूर्ति श्रृंखला को सार्थक बनाने की बड़ी भूमिका निभाएगी। इससे शिवपुरी ही नहीं, ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
मप्र देश की सबसे शक्तिशाली ग्रोथ स्टोरी के रूप में उभरा :अदाणी
अदाणी समूह से जीत अदाणी ने कहा कि मध्यप्रदेश आज रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए दक्षिण एशिया के सबसे बड़े मिसाइल इकोसिस्टम की शुरूआत करने जा रहा है। यह अत्याधुनिक फैसिलिटी नेशनल डिफेंस के लिए रॉ मटेरियल से लेकर तैयार मिसाइलों तक का निर्माण एक ही परिसर में करेगी। मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री के कुशल नेतृत्व तथा राज्य सरकार द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास पर दिए गए विशेष फोकस से मध्यप्रदेश देश की सबसे शक्तिशाली ग्रोथ स्टोरी के रूप में उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *