7 आरोपियों के पास करीब 80 लाख रुपये की बरामदगी
सबसे अधिक नकदी अविनाश शुक्ला के पास मिली
अयोध्या :अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में अब तक का बड़ा खुलासा सामने आ रहा है। आरोपियों के पास सबसे अधिक नकदी अविनाश शुक्ला नाम के शख्स के पास मिली है। इधर पुलिस ने बुधवार को आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के घर छापेमारी की है। इस मामले में अयोध्या पुलिस ने अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, करुणेश पांडेय, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और टिन्नू का भतीजा मनीष यादव समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया। अयोध्या पुलिस को अलग-अलग आरोपियों के पास नकदी, अमेरिकी करेंसी डॉलर और गहने जांच के दौरान मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आठ में से 7 आरोपियों ने पूछताछ के दौरान माना है कि यह सभी मंदिर में चढ़ावे के गिनती के दौरान चोरी और गबन किया गया था। आगे यह भी बात सामने आई कि पुलिस की कार्रवाई से पहले ट्रस्ट ने ही आरोपियों से कुछ नकदी वापस ले ली थी। सबसे अधिक रकम अविनाश शुक्ला के पास से बरामद हुई है। पुलिस ने इससे मंगलवार को जेल में करीबन तीन घंटे से अधिक पूछताछ की। इस दौरान उसने माना है कि चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान चोरी और गबन किया गया। उसने शेष रकम ट्रस्ट को वापस करने की बात भी कही। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ट्रस्ट की ओर से रखी गई नकदी बरामद की। अविनाश शुक्ला के पास से 20 लाख 39 हजार 220 रुपये बरामद हुए। साथ ही 1121 अमेरिकी डॉलर, एक चांदी जैसी धातु और पीली धातु के दो चेन और एक अंगूठी बरामद की गई है। दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने 2पूछताछ के दौरान बताया कि उसने भी चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान चोरी और गबन किया। साथ ही ट्रस्ट को पैसे वापस करने की बात भी कही। इसके बाद पुलिस ने निशानदेही पर ट्रस्ट की ओर से रखी गई नकदी बरामदी की, जिसमें 16 लाख 82 हजार 40 रुपये बरामद हुए। ऐसे ही पूछताछ में लवकुश मिश्रा से 14 लाख 25 हजार रुपये बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी रमाकांत मिश्रा से 7 लाख 32 हजार 170 रुपये, टिन्नू के भतीजे मनीष यादव से 2 लाख रुपये बरामद हुए, करुणेश पांडेय से 18 लाख 07 हजार 63 रुपये बरामद हुए और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव से 1 लाख रुपये की रकम बरामद हुई।
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा खुलासा