दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को दी मंजूरी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में दो बड़े महत्वपूर्ण फैसले लिये गये। फैसलों की जानकारी सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया को देते हुए बताया कि सरकार ने देश में आधुनिक और तेज रफ्तार सडक़ संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के माध्यम से दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क, यातायात व्यवस्था, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट ने दिल्ली में द्वारका एक्सप्रेसवे को वसंत कुंज स्थित नेल्सन मंडेला मार्ग से जोडऩे वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है। लगभग 8.1 किलोमीटर लंबी इस छह लेन सुरंग परियोजना पर कुल 6969.67 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। सरकार के अनुसार इस परियोजना से पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के बीच आवागमन काफी तेज और सुगम होगा। इससे गुरुग्राम, द्वारका, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और पश्चिम दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। परियोजना के अंतर्गत भूमिगत दोहरी सुरंग बनाई जायेगी, जिससे सतही क्षेत्र में व्यवधान कम होगा और दक्षिणी रिज वन क्षेत्र का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। लगभग 1.98 किलोमीटर का हिस्सा रिज क्षेत्र के नीचे से गुजरेगा। मंत्रिमंडल की बैठक में उत्तर प्रदेश में कानपुर से कबरई तक चार और भविष्य में छह लेन तक विस्तारित किये जा सकने वाले नियंत्रित प्रवेश वाले हरित क्षेत्र राजमार्ग निर्माण को भी मंजूरी दी गयी। राष्ट्रीय राजमार्ग 34 के अंतर्गत बनने वाली यह 117.7 किलोमीटर लंबी परियोजना भोपाल कानपुर आर्थिक गलियारे का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। इस पर कुल 7145.14 करोड़ रुपये की लागत आयेगी और इसे निर्माण संचालन हस्तांतरण यानी टोल आधारित प्रणाली पर विकसित किया जायेगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिये गये दो बड़े महत्वपूर्ण फैसले