बिचौलियों से नहीं होगी एक भी दाने की खरीद :अमित शाह


डिजिटल निगरानी से किसानों को डायरेक्ट फायदा
नई दिल्ली। दलहन का एक भी दाना व्यापारियों या बिचौलियों के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे किसानों से खरीदा जाएगा। सरकार का मानना है कि जब किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिलेगा, तब वे दलहन और तिलहन की खेती का रकबा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होंगे। सहकारिता एवं गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दो वर्षों के भीतर ऐसी व्यवस्था बन जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ एवं राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ दलहन की खरीद सीधे किसानों से करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि यदि खरीद सीधे किसानों से होगी और भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचेगा तो उनका भरोसा बढ़ेगा। नाफेड और एनसीसीएफ ने इसके लिए जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया है। अब इस व्यवस्था को गांव स्तर तक पहुंचाने की योजना है ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। नए डिजिटल प्लेटफॉर्म से ऐसा संभव हो सकेगा। अभी तक नाफेड अपनी खरीदी गई उपज की नीलामी के लिए निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करता था। नई व्यवस्था में नीलामी की पूरी प्रक्रिया नाफेड के मंच से पूरी होगी। इससे खरीद-बिक्री के आंकड़े एक ही प्रणाली में उपलब्ध रहेंगे। दृष्टि और ईआरपी प्लेटफार्म भंडार, खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड उपलब्ध कराएंगे। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, स्टाक प्रबंधन बेहतर होगा और अनियमितता की गुंजाइश कम होगी। रकबा एवं उत्पादन बढ़ेगा। आयात पर निर्भरता घटेगी और खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी। सरकार की रणनीति केवल खरीद बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्पादन, विपणन और किसानों की आय बढ़ाने को एक साथ जोडऩे की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *