नए नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने संभाला कमान


चुनौतियों के बीच नौसेना को तैयार रखना प्राथमिकता:स्वामीनाथन
नई दिल्ली। एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने रविवार को देश के 27वें नौसेना प्रमुख के रूप में अपना पदभार संभाल लिया है। कमान संभालते ही उन्होंने साफ किया कि सुरक्षा के इस चुनौतीपूर्ण माहौल में नौसेना को पूरी तरह से तैयार रखना और नई तकनीक को अपनाना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और इसे अपने करियर का सबसे बड़ा सम्मान बताया।
मीडिया से बात करते हुए नए नौसेना प्रमुख ने कहा भारतीय नौसेना देश के हितों की रक्षा के लिए हर जगह पूरी तरह अलर्ट है। आज के समय में हमारे आसपास की सुरक्षा का माहौल लगातार चुनौतीपूर्ण, जटिल और अनिश्चित बना हुआ है, ऐसे में हमारी सक्रियता बहुत जरूरी है।”समुद्री खतरों से निपटने के अपने प्लान पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक और सुरक्षा हितों की रक्षा करना सबसे ऊपर है। एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा, “मेरा सबसे बड़ा काम यह पक्का करना होगा कि भारतीय नौसेना युद्ध और ऑपरेशन के लिए हमेशा उच्चतम स्तर पर तैयार रहे। नौसेना अपनी ताकत बढ़ाने और आधुनिक बनने की राह पर आगे बढ़ रही है। मेरा प्रयास होगा कि मैं इस रफ्तार को बनाए रखूं और नई तकनीकों को जल्द से जल्द नौसेना में शामिल करूं।” नौसेना प्रमुख ने साफ किया कि देश में बने हथियारों और उपकरणों को बढ़ावा देना उनके कार्यकाल का मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा “भारतीय नौसेना जॉइंटनेस, आत्मनिर्भरता और स्वदेशीकरण के प्रति पूरी तरह से समर्पित है। इस दिशा में हम तेजी से काम करेंगे।” नए प्रमुख ने भरोसा दिलाया कि वे अपने जीवन का हर दिन नौसेना को और बेहतर, मजबूत और असरदार बनाने में लगा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *