घर-घर पहुंचने लगे प्रगणक, जनगणना का कार्य जारी

मऊगंज
राष्ट्र के भविष्य की रूपरेखा तैयार करने वाली जनगणना के प्रथम चरण का कार्य जारी है। इसी क्रम में मऊगंज जिले में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत कार्यों को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और गणना कर्मियों की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकानों के सूचीकरण और गणना के कार्य में जुट गई है। तहसीलदार हनुमना शिवम गौतम ने ग्राम पंचायत बहुती में बृजेश कुमार मिश्रा के निवास पर जाकर स्वयं मकान का सूचीकरण एवं गणना कार्य किया। इस दौरान जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई तथा प्रपत्रों को विधिवत भरा गया। इस दौरान न केवल मकान का नंबर अंकित किया गया, बल्कि परिवार के सदस्यों और आवास की स्थिति से जुड़े प्रारंभिक आंकड़ों को भी दर्ज किया गया। डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रगणक किसी भी मध्यस्थ के बजाय सीधे गृहस्वामी से संपर्क कर रहे हैं। ग्राम पंचायत बहुती में ग्रामीणों द्वारा इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है। बृजेश कुमार मिश्रा के घर से शुरू हुई यह प्रक्रिया अब पंचायत के अन्य हिस्सों में भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *