टीएमसी वालों के मुंह से मां-माटी-मानुष ये शब्द तक नहीं निकलते:मोदी

प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर साधा निशाना
टीएमसी के हर गुंडे, हर अत्याचारी और हर भ्रष्टाचारी का हिसाब होगा
24 परगना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में विजय संकल्प सभा में कहा “पहले चरण के मतदान में बंगाल ने कमाल कर दिया है। पहले चरण में टीएमसी का अहंकार टूट गया है। अब दूसरे चरण में भाजपा की प्रचंड जीत पक्की होने जा रही है। बंगाल का ये चुनाव अब अंतिम चरण में है, लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी, 15 साल पहले टीएमसी मां-माटी-मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब इनके मुंह से मां-माटी-मानुष ये शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है? ये टीएमसी वाले अगर मां-माटी-मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे। टीएमसी की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।”
पीएम ने कहा कि बंगाल के पास सब कुछ है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों के पास सामर्थ्य भरपूर है इसलिए बंगाल फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है। मोदी ने कहा कि हमें बस नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आह्वान को याद रखना है। नेताजी ने कहा था तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। नेताजी के इस आह्वान पर देशवासियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। मोदी ने कहा कि आज बंगाल को आपके एक वोट की जरूरत है। टीएमसी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा “टीएमसी के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीडि़त हमारी बहनें और बेटियां हैं। बहनों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही दिख रहा है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। टीएमसी की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। यहां बहनों को ही गाली दी गई। बंगाल के भाइयों और बहनों, इसे कभी भी भूलना नहीं है।” मोदी ने कहा कि टीएमसी के महाजंगलराज में यहां से बेटियां लापता हो रही हैं, लेकिन यहां की टीएमसी सरकार सोई पड़ी है। उन्होंने कहा कि बेटियों की इन्हें कोई चिंता नहीं है। मोदी ने कहा कि अब और नहीं, 4 मई के बाद भाजपा की सरकार इन गुंडों का चुन-चुन कर हिसाब करेगी।
दुनिया की थाली तक पहुंचा भारत का स्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि भारत का स्वाद, परंपरा और गुणवत्ता अब दुनिया भर में नई पहचान बना रहे हैं। मोदी ने कहा ‘हमारे देश में खान-पान की परंपराएं सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं रही हैं। भारतीय चीज भी इसी परंपरा का अहम हिस्सा है।’मोदी ने कहा कि भारत के डेयरी सेक्टर में तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने बताया कि वैल्यू एडिशन के चलते पारंपरिक स्वादों को नई पहचान मिली है और अब भारतीय चीज वैश्विक बाजार में अपनी जगह बना रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई तकनीक, बेहतर पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय मानकों के कारण भारतीय उत्पाद अब वैश्विक बाजार और रेस्टोरेंट तक पहुंच रहे हैं। मोदी ने कहा ‘भारतीय चीज का उदाहरण हमें दिखाता है कि लोकल से ग्लोबल की दिशा में कैसे आगे बढ़ा जा सकता है।’ उन्होंने विश्वास जताया कि भारत का स्वाद और परंपरा दुनिया के लोगों को नया अनुभव देगी और देश से उनका जुड़ाव भी मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री के अनुसार, भारतीय चीज सिर्फ एक खाद्य उत्पाद नहीं, बल्कि देश की परंपरा और विविधता का प्रतीक है, जो अब दुनिया भर में अपनी पहचान बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *