2 शीघ्र आवास आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश, 158 आवेदनो में से 56 पाए गए पात्र
विंध्य भारत, रीवा
अपर मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे का रीवा दौरा 08 फरवरी को प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसी तारतम्य में निगम आयुक्त डॉ सौरभ सोनवणे ने आवश्यक तैयारियों के संबंध में विभागीय समीक्षा बैठक ली। निगम आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी 2.0 घटक अंतर्गत लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जिन हितग्राहियों द्वारा पूर्ण राशि जमा कर दी गई है, उन्हें शीघ्र आवास आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पट्टा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 158 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 56 पात्र पाए गए हैं। आयुक्त ने पात्र हितग्राहियों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर समयावधि में योजना का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। रतहरा पीएम साइट की पार्किंग से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने निराला नगर प्रोजेक्ट हेतु लेआउट प्रक्रिया पूर्ण कर एसएलटीसी को प्रस्ताव भेजने को कहा, साथ ही कृष्णा नगर साइट के शेष कार्यों के लिए एलओए जारी करने के निर्देश दिए। स्लम फ्री सिटी की दिशा में कार्य करते हुए निगम आयुक्त ने कहा कि स्लम क्षेत्रों का सर्वे एवं मैपिंग कर आगामी तीन वर्षों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
इस दौरान स्लम क्षेत्रों का सर्वे एवं मैपिंग के दौरान सभी पात्र परिवारों का ईडब्ल्यूएस श्रेणी में पुनर्वास की योजना बनाने के निर्देश दिए। अमृत योजना की समीक्षा के दौरान निगम आयुक्त ने कहा कि एसटीपी के इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि 15 दिवस के भीतर एसटीपी का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अतिरिक्त टीम लगाकर मार्च तक सभी हाउस सर्विस कनेक्शन पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक सप्ताह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। दूषित पेयजल की समस्या पर निगम आयुक्त ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी समस्या हो, वहां तत्काल फॉल्ट ढूंढकर निराकरण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान हेतु टीम 24 घंटे सक्रिय रहे। प्राप्त शिकायतों पर वार्ड 11, 12, 16 एवं 26 में विशेष ध्यान देने को कहा। गीता भवन की तैयारियों को लेकर निगम आयुक्त ने कहा कि ऑडिटोरियम में सभी आवश्यक सामग्री, साउंड एवं लाइट की समुचित व्यवस्था रहे, ताकि बाहरी स्रोत की आवश्यकता न पड़े। इसके अतिरिक्त, निगम आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में स्कूल एवं कॉलेजों के 100 मीटर परिधि में संचालित पान, गुटखा, तंबाकू एवं सिगरेट की ठेला-गुमटियों को अभियान चलाकर तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित जोन प्रतिदिन कार्रवाई सुनिश्चित करें एवं कार्यवाही का प्रतिवेदन नियमित रूप से प्रस्तुत करें। बैठक में उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, एमएस सिद्दीकी, कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह, एचके त्रिपाठी, सिद्धार्थ सिंह, सहायक आयुक्त रामनरेश तिवारी, सुश्री शीतल भलावी, केएन साकेत, सहायक यंत्री पीएन शुक्ला, एसएन द्विवेदी, राजेश चतुर्वेदी, कमलेश्वर सिंह, अभिनव चतुर्वेदी, सहायक विधि अधिकारी अभिषेक सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।