सखी सैयाँ, तो खूबई कमात हैं, मँहगाई डायन खाए जात है… प्याज, टमाटर, लहसुन, लोग पगला रहे भाव सुन

बाजार में आवक कम होने से लगातार बढ़ रहे भाव, डेढ़ महीने से लोग परेशान
व्यापारियों का कहना, अभी आगे 15 से 20 दिनों तक इसी तरह की रहेगी स्थिति

विशेष संवाददाता, रीवा

जिले में महंगाई की मार से लोगों को बड़ा झटका लगा है. रीवा की सब्जी मंडी में महंगाई का भारी असर लोगों की जेबों पर देखने को मिल रहा है. यहां सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं. लहसुन ने तो नया रिकॉर्ड बना दिया है और 400 रुपए प्रति किलो बिक रही है। प्याज भी 80 रुपए किलो पहुंच गई है, जो आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। टमाटर के दाम में थोड़ी राहत है लेकिन फिर भी यह 50 रुपए किलो पर बिक रहा है। वहीं खीरा 100 रुपए और परवल 120 रुपए प्रति किलो के भाव में मिल रहा है। करेला भी 70 रूपए प्रति किलो बिक रहा है।
उल्लेखनीय है कि दीपावली के समय सब्जियों के दाम और भी ज्यादा बढ़े हुए थे। त्योहार का समय होने के कारण लोग ज्यादा सब्जियां खरीद रहे थे. उस समय दुकानदारों ने भी दुकानें बंद रखीं जिससे बाजार में मांग ज्यादा हो गई और कीमतें बढ़ गईं. उम्मीद थी कि दीपावली के बाद सब्जियों के दाम में कुछ कमी आएगी मगर ऐसा नहीं हुआ।
जनता चला रही किसी तरह काम
अब लोग सब्जी मंडी में आते तो हैं लेकिन ज्यादा महंगे दाम देखकर कम मात्रा में खरीदने पर मजबूर हो गए हैं। जो लोग पहले 1 किलो सब्जी खरीदते थे। अब वह आधा किलो ले रहे हैं और जो आधा किलो खरीदते थे, वह अब केवल एक पाव में ही काम चला रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि दिसंबर में जब नई फसल बाजार में आएगी, तभी कुछ राहत मिल सकती है. तब तक लोगों को इस महंगाई का सामना करना पड़ेगा. घर का बजट बुरी तरह से बिगड़ चुका है और महिलाएं कम सब्जियों में ही खाना बनाने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *