राहुल के दिल में देश की माताओं-बहनों के लिए कोई सम्मान नहीं
चिम्बेल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जब तक भाजपा का कार्यकर्ता उत्साह और ऊर्जा के साथ जमीन पर संघर्ष करेगा, तब तक कोई मोदी जी को हिला नहीं सकता। नितिन नवीन ने कहा कि देश में कुछ ऐसे राज्य भी हैं जो जनता के वादों को भूल जाते हैं। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार ने वादा पूरा नहीं किया। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने घोषणा पत्र के वादे पूरे नहीं किए। वहीं जहां-जहां हमारी सरकारें बनी हैं, हमने एक-एक संकल्प को सिद्धि की ओर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की खूबसूरती यही है कि अगर कोई कार्यकर्ता नीचे बैठा है, तो वह किसी भी दिन पार्टी के शीर्ष पद पर बैठ सकता है, और यह सिर्फ भाजपा में हो सकता है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में लगातार विकास के नए आयाम जोड़े जा रहे हैं। सेवा और समर्पण के भाव से जिस प्रकार हमारी सरकारें काम कर रही हैं, उससे हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि हम 2027 और 2029 के मिशन को पूरा करेंगे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से राजनीति में कुछ ऐसे लोग भी सक्रिय हैं जो राजनीति की परिभाषा को दूषित करने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि देश के नेता प्रतिपक्ष के मुंह से आप कभी विकास की बात नहीं सुनते हैं। उनकी आवाज सिर्फ देश में अराजकता फैलाने के लिए निकलती है। राहुल गांधी कभी विकास पर सवाल नहीं उठाते हैं, क्योंकि पीएम मोदी ने मौका ही नहीं दिया है। मोदी जी ने विकास की इतनी बड़ी लकीर खींची है कि कांग्रेस के नेता दूर-दूर तक नजर नहीं आते हैं। उन्हें मालूम है कि अगर विकास पर सवाल करेंगे, तो खुद कठघरे में आ जाएंगे। उन्होंने कहा राहुल के दिल में देश की माताओं-बहनों के लिए कोई सम्मान नहीं है। सम्मान होता, तो कार्रवाई करते। पर हिम्मत नहीं है, क्योंकि जब पूरी पार्टी खुद घिरी हो, तो वह किसी पर कार्रवाई कैसे करे। उन्होंने कहा कि अभी देश में लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है। जो संविधान की दुहाई दे रहे हैं, उन्हें संविधान से कोई मतलब नहीं है, इन्होंने संविधान को तार-तार किया है। इन्होंने संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराने के लिए सारे हथकंडे अपनाए, ताकि उन्हें अपमानित किया जा सके। लोकतंत्र को ताक पर रखकर आपातकाल लगाने वालों के लिए कोई संविधान नहीं है, उनका संविधान सिर्फ उनका परिवार है। उनका परिवार जो निर्णय लेता है, वही वे देश पर थोपना चाहते हैं।
