यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

ड्रग कार्टेल के ताबूत में आखिरी कील ठोकेंगे:शाह


सरकार ने ऑपरेशन त्रिशूल के जरिए ड्रग्स के खिलाफ बड़ा प्रहार किया
38 ठिकानों पर छापे, 18 गिरफ्तार और 500 डेटोनेटर बरामद
नई दिल्ली। केंद्रीय एजेंसियों और पूर्वोत्तर राज्यों की पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ ऑपरेशन त्रिशूल के तहत 38 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 18 लोग गिरफ्तार किए गए और करीब 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ। गृह मंत्री अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक देश को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा ‘भारत तब तक कड़ा प्रहार करता रहेगा, जब तक कि ड्रग कार्टेल के ताबूत में आखिरी कील न ठुक जाए।’
अमित शाह के मुताबिक इस अभियान के तहत असम, मिजोरम और मणिपुर में कुल 38 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए हैं। अमित शाह ने बताया कि 23 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान एजेंसियों ने करीब 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पता लगाया। जांच के दौरान 1,424 बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। इसके अलावा 17.82 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। इस कार्रवाई में कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने इसके अलावा 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गृह मंत्री ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क भारत, म्यांमार और बांग्लादेश के बीच डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर’के रास्ते नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था। केंद्र सरकार और असम, मिजोरम व मणिपुर की पुलिस ने आपसी तालमेल के साथ इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की। अमित शाह ने कहा कि “मोदी सरकार ने ऑपरेशन त्रिशूल के जरिए ड्रग्स के खिलाफ एक और बड़ा प्रहार किया है।” उन्होंने कहा कि सरकार तब तक कार्रवाई जारी रखेगी, जब तक ड्रग्स के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म नहीं कर दिया जाता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 31 दिसंबर 2029 तक देश से हर ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प लिया है। गृह मंत्री ने कहा कि गृह मंत्रालय इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नशा मुक्त भारत’ की योजना को सख्ती से लागू किया जा रहा है।
कांग्रेस में गाली-गलौज की राजनीति बची
केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता पहले भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं। शाह ने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस में हताशा बढ़ी है और पार्टी की राजनीति में मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियां हावी हो रही हैं। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। शाह ने यह भी दावा किया कि जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *