यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ गौतम अडाणी फिर बने सबसे अमीर भारतीय


नई दिल्ली : गौतम अडाणी एवं परिवार ने मुकेश अंबानी एवं परिवार को पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. एम3एम हुरुन इंडिया की नवीनतम सूची में यह जानकारी दी गई है.
अमीर भारतीयों पर जारी 2026 की सूची के मुताबिक, अडाणी परिवार की संपत्ति 13 प्रतिशत बढक़र 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जबकि अंबानी परिवार की संपत्ति 10 प्रतिशत घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई है. इस तरह दोनों अमीर परिवारों के बीच संपत्ति का अंतर 59,400 करोड़ रुपये रहा. इस्पात उद्यमी लक्ष्मी निवास मित्तल और परिवार 93 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 3.39 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए. हुरुन के अनुसार, यूरोप में इस्पात की ऊंची कीमतों और व्यापार संरक्षण से उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी हुई. सीरम इंस्टिट्यूट के साइरस पूनावाला और परिवार 3.03 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर रहे. एचसीएल की रोशनी नादर मल्होत्रा और परिवार 2.79 लाख करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर रहा और वह देश की सबसे अमीर महिला बनी रहीं. कुमार मंगलम बिड़ला और परिवार 2.69 लाख करोड़ रुपये के साथ छठे, सन फार्मा के दिलीप सांघवी 2.65 लाख करोड़ रुपये के साथ सातवें और विप्रो के अजीम प्रेमजी और परिवार 2.63 लाख करोड़ रुपये के साथ आठवें स्थान पर रहे. वेदांता के अनिल अग्रवाल और परिवार 2.08 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गए, जबकि टोरेंट फार्मास्युटिकल्स से जुड़े समीर मेहता और परिवार 1.89 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहली बार शीर्ष 10 में शामिल हुए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *