देश के मनोबल को कमजोर करने का ठेका राहुल के पास :रविशंकर


लोग राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेते
नई दिल्ली:बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अप्रैल, मई और जून महीने में वैश्विक संकट काफी गहराया। वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक अनिश्चितताओं, खाड़ी संकट, तेल सप्लाई की चुनौतियों और सप्लाई चेन में व्यवधान के बावजूद भारत ने काफी तेज आर्थिक वृद्धि दर्ज की है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मैं देश के इकॉनमिक मैनेजमेंट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशीप की तारीफ करता हूं कि देश उनके नेतृत्व में तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का आर्थिक प्रबंधन तारीफ के योग्य है। रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता, समझदारी और नेतृत्व की भी सराहना की। साथ ही उन्होंने वित्त मंत्रालय और वित्त मंत्री के आर्थिक प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए इसे भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देश के मनोबल को कमजोर करने का ठेका राहुल गांधी ने लिया है क्या? इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर कई मुद्दों पर पूरे भरोसे के साथ गलत बातें कहने का आरोप लगाया। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि राहुल गांधी के दावे का जवाब है। उन्होंने कहा ‘लोग राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन एक देश ऐसा है जो उनकी सभी बातों से बहुत प्रभावित होता है और उस देश का नाम है पाकिस्तान। वे उनकी ऐसी सभी बातों को उठाते हैं और उन्हें हाईलाइट करते हुए कहते हैं ‘विपक्ष के नेता भारतीय अर्थव्यवस्था की खराब हालत के बारे में बात कर रहे हैं।’राहुल गांधी को क्या जरा भी शर्म है? पीएम मोदी से नफरत करने और भाजपा व आरएसएस को बुरा-भला कहने के चक्कर में क्या राहुल देश को भी बुरा-भला कहेंगे? ‘राहुल भारत को बदनाम कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इन झूठों के आधार पर भारत को बदनाम करने की राहुल गांधी की कोशिश की कड़ी निंदा करती है। भाजपा राहुल गांधी के इस गैर-जिम्मेदाराना, झूठे, बेबुनियाद और शरारतपूर्ण दावे की पूरी तरह से निंदा करती है कि ‘भारतीय अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था है’ और ‘एक बड़ी आर्थिक सुनामी आने वाली है’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *