भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम की घोषणा की


विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव, पीयूष गोयल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष होंगे
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की. नबीन ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, सरदार मनप्रीत सिंह बादल और रेखा वर्मा शामिल हैं. केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. बीएल संतोष को संगठनात्मक राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है.
नबीन ने आठ पार्टी नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव भी नियुक्त किया है, जिनमें विनोद तावड़े, सुनील बंसल, स्मृति ईरानी और बिप्लब कुमार देब शामिल हैं. पार्टी ने अपने विभिन्न मोर्चों के नए प्रमुखों के नामों की भी घोषणा की, जिनमें डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा अध्यक्ष, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है. बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में 6 महिला राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन महिला राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं. दीपक म्हस्के बीजेपी आईटी सेल के नए चीफ होंगे, जो अमित मालवीय की जगह लेंगे. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया भी राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है.
लाल सिंह आर्य राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए
नितिन नबीन की टीम में मध्य प्रदेश से उम्मीद के मुताबिक नेताओं को जगह मिली है. जिन नेताओं के नाम सुर्खियों में थे उन्हें टीम नबीन में जगह दी गई है. लाल सिंह आर्य राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जबकि गजेन्द्र पटेल को राष्ट्रीय महासचिव की जवाबदारी सौंपी गई है. वीडी शर्मा को सभी सेल के कार्डिनशन की महती जिम्मेदारी दी गई है. प्रदेश बीजेपी मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल अब राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मीडिया समन्वयक की भूमिका में होंगे. सौदान सिंह राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री बनाए गए हैं. पिछड़ा वर्ग से आने वाली कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है. जमीनी नेता के तौर पर गिने जाने वाले बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जवाबदारी दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *