किसानों की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे : डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने निवाड़ी में किया सभा को संबोधित

समान नागरिक संहिता समान अधिकार की दिशा में ऐतिहासिक कदम
निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, युवा, नारी और किसानों के कल्याण के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य कर रही है। सबका कल्याण ही राज्य सरकार का उद्देश्य है। इसी भाव से राज्य में समान नागरिक संहिता 2026 पारित हुई है। माताओं-बहनों और बेटियों को समान अधिकार और सुरक्षा देने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। किसान कल्याण, राज्य सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। किसानों की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष 14 लाख किसानों से समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जित किया गया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुग्ध उत्पादन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक ले जाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। कृषकों को मछली पालन, सिंघाड़े की खेती जैसी की आय बढ़ाने की गतिविधियों में सहायता और सलाह दी जा रही है। मुख्यमंत्री निवाड़ी में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने ओरछाधीश रामराजा सरकार को नमन करते हुए कहा कि हम निवाड़ी में रामराज्य की स्थापना के पथ पर अग्रसर हैं। टीकमगढ़ से अलग कर निवाड़ी को नया जिला बनाया गया है। यहां विकास की अनन्त संभावनाएं हैं। डॉ. यादव ने आल्हा-ऊदल का स्मरण करते हुए कहा कि निवाड़ी और ओरछा की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर पर प्रदेशवासियों को गर्व है। यह भूमि, वीरों-महावीरों के संघर्ष और बलिदान की धरती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। केन-बेतवा लिंक परियोजना का लाभ क्षेत्र के सभी जिलों को मिलेगा। निवाड़ी के 168 ग्रामों के लाखों किसान इस योजना से लाभान्वित होंगे। पृथ्वीपुर में भी औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, साथ ही सागर जिले में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया जारी है।
दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने कलेक्टर को निर्देश
मुख्यमंत्री ने ओंकारेश्वर में हुई सेप्टिक टैंक दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की जवाबदेही तय कर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डॉ. यादव ने संपूर्ण प्रकरण की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में लापरवाही करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को निलंबित किया जाये। विभागीय जाँच में दोषी पाये जाने वालों को बर्खास्त किया जायेगा। राज्य सरकार के लिये आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. यादव ने घाटों पर गंदगी और सीवेज नहीं गिरे, इसके लिए हर संभव व्यवस्था करने के निर्देश जिला प्रशासन और नगरपरिषद को दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि घाटों और खतरनाक स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पुलिस/होमगार्ड की तैनाती आवश्यक रूप से की जाए। सभी सीवर चैंबर का सर्वे कर टूटे-फूटे ढक्कन तुरंत बदले जाएं और सभी तरह के मरम्मत कार्य तत्काल किए जाएं। डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में सभी सावधानियां अपनाई जाएं। यह जिला प्रशासन का दायित्व है कि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नही हो। गत दिवस ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में घटित दु:खद घटना में एक तीन वर्षीय बालक की सेप्टिक टैंक में गिरने से मृत्यु हो गई थी। ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र स्थित धर्मशाला परिसर में किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई उपरांत मलबे को यथा स्थान रखा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना नही हो। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मलबे से लोहा, सरिया, भंगार और अन्य सामग्री निकाली गई और सेप्टिक टैंक के ढक्कन को क्षति पहुँचाकर उसे खुला छोड़ दिया गया। इस परिस्थिति में तीन वर्षीय बालक के सेप्टिक टैंक में गिर जाने से उसकी दु:खद मृत्यु हुई।
०००००००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *