राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना जागरूक नागरिक की पहचान : डॉ. यादव

विधानसभा सत्र की प्रक्रियाओं से अवगत हुए स्कूली बच्चे

मुख्यमंत्री से विधानसभा में मिले मेधावी विद्यार्थी
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे विद्यार्थी देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। लोकतंत्र को समझना, उसके मूल्यों को आत्मसात करना और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना ही जागरूक नागरिक की पहचान है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोडऩा समय की आवश्यकता है। सरकार कैसे काम करती है, नियम-कानून कैसे बनाये जाते हैं, संसदीय परम्पराएं क्या होती हैं, विधानसभा यह सब जानने-समझने का सबसे उत्तम विद्यालय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित समिति कक्ष क्रमांक-1 में स्कूली बच्चों से संवाद कर रहे थे।
मुख्यमंत्री से विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही देखने आए आगर-मालवा जिले के विभिन्न अंचलों के 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों तथा स्टेम फील्ड इंटरनेशनल स्कूल, जबलपुर के 40 विद्यार्थियों ने सौजन्य भेंट कीं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनसे विधानसभा भ्रमण के अनुभव भी जाने। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बताया कि उन्हें पहली बार विधानसभा सत्र की सदन में चल रही कार्यवाही को निकट से देखने और संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला, जो उनके लिए अत्यंत रोचक एवं प्रेरणादायी अनुभव रहा। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनशीलता और नवाचार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
क्रांति ने अपनी प्रतिभा के दम पर दुनिया में बढ़ाया भारत का मानञ्ज
मुख्यमंत्री ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर, खिलाडिय़ों की ट्रेनिंग और उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है। राज्य में ‘खेलो बढ़ो अभियान’ के अंतर्गत सांसद कप, विधायक कप के माध्यम से प्रदेश के हर विधानसभा और तहसील स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। राज्य सरकार के इसी संकल्प का परिणाम है कि आज प्रदेश के खिलाड़ी क्रिकेट टूर्नामेंट्स, ओलिम्पिक गेम्स, खेलो इंडिया गेम्स में पदक जीत कर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटों के साथ-साथ हमारी बेटियां भी किसी से कम नहीं है। मध्यप्रदेश की बेटी सुश्री क्रांति गौड़ ने अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर पूरे देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने क्रिकेटर सुश्री गौड़ को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की लाड़ली बिटिया और हमारी छोटी बहन सुश्री क्रांति प्रदेश में नई खेल क्रांति लेकर आईं हैं।
तीन लाख रुपए का चेक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मप्र शासन की ओर से लार्ड्स के ‘टेस्ट ऑनर्स बोर्ड’ पर अपना नाम दर्ज कराने वाली देश की पहली महिला क्रिकेटर सुश्री क्रांति गौड़ को तीन लाख रुपए का चेक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लार्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट ग्राउंड पर बुंदेलखण्ड की गौरव सुश्री क्रांति गौड़ के सात विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की तथा क्रांति को इस बड़ी उपलब्धि के लिए अपनी ओर से दो लाख रूपये की सम्मान राशि का चेक भी सौंपा।
परिवार के सपोर्ट के बिना संभव नहीं था ब्लू जर्सी पहनना : गौड़
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी सुश्री क्रांति गौड़ ने कहा कि उन्होंने बचपन में अनेक संघर्षों के बीच यह तय कर लिया था कि उन्हें टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहननी है। बुंदेलखंड के एक छोटे से गांव से क्रिकेट के अंतर्राष्ट्रीय मंच तक की यात्रा माता-पिता और परिवार के सहयोग एवं समर्थन के बिना पूरी नहीं हो सकती थी। सुश्री क्रांति ने कहा कि उनके सपने को पूरा करने के लिए परिवार ने बारिश के मौसम में भी टपकते मकान के नीचे और रसोई में राशन नहीं होने जैसे मुश्किल दिन भी गुजारे हैं। अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए उन्होंने ठान लिया था कि अब कुछ भी हो देश और अपनों के लिए कुछ कर गुजरना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *