नकदी व आभूषण सहित सात करोड़ की संपत्ति जब्त की
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय ने भोपाल के एलएनसीटी समूह से जुड़े संस्थानों पर छापेमारी में तीन करोड़ 97 लाख रुपये नकद और तीन करोड़ 45 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी जब्त की है। वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में धन शोधन निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरण के आधार पर जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई की।
ईडी ने भोपाल, इंदौर और छत्तीसगढ़ मिलाकर 12 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था जो देर शाम तक तक चला। इस दौरान दस्तावेज और डिजिटल डिवाइसें भी जब्त की गईं, जिसमें आरोप के संबंध में और साक्ष्य मिलने की संभावना है। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल में दर्ज एफआइआर के आधार पर जांच प्रारंभ की गई थी। ईओडब्ल्यू ने आस्था फाउंडेशन फार एजुकेशन सोसाइटी के फंड के गलत उपयोग और हेराफेरी से जुड़े बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में जयनारायण चौकसे और अन्य के विरुद्ध सितंबर, 2025 में एफआईआर दर्ज की थी, जिस पर ईडी ने मनी लांड्रिंग के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया था। जांच में पता चला है कि सोसाइटी, जो कई शैक्षणिक और स्वास्थ्य सेवा संस्थानों का प्रबंधन करती है, उसे चौकसे परिवार के सदस्यों और उनके सहयोगियों द्वारा नियंत्रित किया जाता था। यह भी सामने आया कि छात्रों से इक_ा किए गए फंड, छात्रवृत्ति अनुदान और सोसाइटी व उसके संस्थानों के नाम पर लिए गए बैंक लोन को आरोपितों द्वारा नियंत्रित संबंधित ट्रस्टों, कंपनियों और संस्थाओं में डायवर्ट किया गया था।
अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए
ईडी ने समूह से जुड़े रिहायशी परिसर, आफिस, शैक्षणिक संस्थान, ट्रस्ट और व्यावसायिक प्रतिष्ठान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोप साबित करने वाले बड़ी संख्या में साक्ष्य, मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस, ईआरपी और टैली डाटा, वित्तीय दस्तावेज, संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। तलाशी के साथ ही अचल संपत्ति से संबंधित कागजात भी बरामद किए गए हैं।
एलएनसीटी ग्रुप से जुड़े स्थानों पर ईडी का छापा