केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द हो सकता है फेरबदल


नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में जल्द ही मंत्रिमंडल फेरबदल हो सकता है, इसकी अटकलें तेज हो गई हैं. सूत्रों के मुताबिक अगले 3-4 दिनों में 4 और केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे हो सकते हैं. सूत्रों की मानें तो व्यापक फेरबदल हो सकता है. यह बदलाव मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के आसपास हो रहा है और इसमें युवा चेहरों को तरजीह, संगठनात्मक समायोजन और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किए जाने की चर्चा है. सूत्र बताते हैं कि अगले 3 से 4 दिन के अंदर 4 मंत्रियों के इस्तीफे हो सकते हैं. इनमें कुछ वरिष्ठ मंत्री भी शामिल हो सकते हैं, जिन्हें पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं.
सूत्रों की माने तो केंद्रीय मंत्रिमंडल में नए चेहरे और युवा नेताओं पर फोकस किया जाएगा. पार्टी सूत्रों की माने तो भाजपा की नई टीम में युवा, महिलाओं और खासकर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब आदि से प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर जोर रहेगा. कुछ सांसदों और नए चेहरों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जा सकता है. इसके अलावा विभागों का पुन: आवंटन भी हो सकता है, इसमें कई मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं. वहीं बहु-विभाग संभाल रहे मंत्रियों का बोझ कम किए जाने की भी चर्चा है. हालांकि फेरबदल की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है. मानसून सत्र से पहले यह बदलाव संभव माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *