10-12 वर्षों मेंराजनीतिक और सामाजिक विमर्श में बदलाव आया
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश के राजनीतिक और सामाजिक विमर्श में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश का आम नागरिक मान चुका था कि कुछ नहीं बदलने वाला, लेकिन अब लोगों में यह विश्वास पैदा हुआ है कि हम कर सकते हैं और हम करेंगे। नड्डा ने कहा कि भारत अब केवल विकास की बात नहीं कर रहा, बल्कि वैश्विक नेतृत्व की क्षमता के साथ आगे बढ़ रहा है।
जेपी नड्डा ने कहा कि 12-13 साल पहले देश का आम आदमी परिस्थितियों से समझौता कर चुका था। लोगों को लगता था कि देश की व्यवस्था नहीं बदलेगी और जो हो रहा है, वही चलता रहेगा। लेकिन बीते एक दशक में राजनीतिक सोच बदली है। अब लोगों में आत्मविश्वास बढ़ा है और देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाना अब देश का साझा लक्ष्य बन चुका है। नड्डा ने कहा कि पहले सरकारें अक्सर किसी एक क्षेत्र, जाति या परिवार तक सीमित होकर काम करती थीं। लोग यह मानते थे कि जिस क्षेत्र का मुख्यमंत्री होगा, विकास भी उसी क्षेत्र तक सीमित रहेगा। लेकिन अब राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ काम कर रही है। नड्डा ने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर नेतृत्व करने की स्थिति में पहुंच चुका है और यह बदलाव देश के आत्मविश्वास का परिणाम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के सामने अब एक साझा लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के मन में विकसित भारत का सपना है।
भारत वैश्विक नेतृत्व की क्षमता के साथ आगे बढ़ रहा: नड्डा