बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव अवसर देने प्रतिबद्ध : डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने छात्राओं से खगोलीय उपकरणों, वेधशाला संबंधी की चर्चा

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में “स्कूल चले हम” अभियान अंतर्गत बड़ा गणपति के ‘शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय’ में छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहेंगी। उन्होंने अत्यंत सहजता से बालिकाओं से जाना कि वे भविष्य में देश व समाज के लिए क्या योगदान देना चाहती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय विद्यालयों के आधुनिकीकरण और बेटियों को शिक्षा, विज्ञान व तकनीकी क्षेत्र में हर संभव अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। शासकीय विद्यालयों में इस स्तर की अत्याधुनिक खगोलीय प्रयोगशालाओं का होना नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को सार्थक करता है। डॉ. यादव ने कहा कि विज्ञान और तकनीक क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के बीच विद्यार्थियों को नवाचार एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बनकर सीखने तथा अपने ज्ञान का निरंतर विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए सतत प्रयासरत रहने को कहा। डॉ. यादव ने राज्य सरकार द्वारा विद्यालयीन शिक्षा को और अधिक बेहतर, आधुनिक और सुलभ बनाने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों एवं योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्मार्ट क्लॉस, विज्ञान एवं नवाचारों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार प्रयोगशालाओं सहित आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। मुख्यमंत्री को छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ प्रयोगशाला में उपलब्ध विभिन्न खगोलीय उपकरणों, दूरबीन और नक्षत्रों व ग्रहों की ट्रैकिंग प्रणाली के बारे में बताया। डॉ. यादव का ध्यान विशेष रूप से सौर मंडल के आकर्षक भित्तिचित्रों ने आकर्षित किया।
सरकार महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने संकल्पित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का अद्वितीय साहस, अमर शौर्य और अदम्य राष्ट्रप्रेम संपूर्ण देश के लिए सदैव प्रेरणापुंज बना रहेगा। उनका बलिदान मातृभूमि के सम्मान और स्वतंत्रता के लिये सदैव हर भारतीय को प्रेरित करता रहेगा। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने अल्पायु में मातृभूमि की रक्षा और स्वाभिमान के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। मुख्यमंत्री ने इंदौर में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर इंदौर में ऐतिहासिक किला मैदान स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा और चित्र पर माल्यार्पण किया। डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के गौरवशाली इतिहास को सहेजने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *