देश में सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या विश्व स्तर पर सबसे अधिक:गडकरी


सडक़ दुर्घटना में पीडि़तों को बचाने वाले को मिलेगा 25000
नई दिल्ली: केंद्रीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 8 जून को भारत में सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से दो नई पहलों की घोषणा की, जिनमें आपातकालीन स्थिति में सबसे पहले पहुंचने वाले नागरिकों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन भी शामिल है। इन उपायों के बारे में बताते हुए गडकरी ने कहा कि हमने दो योजनाएं शुरू की हैं। एम्स के एक डॉक्टर की अध्यक्षता वाली एक समिति ने रिपोर्ट दी है कि हमारे देश में प्रतिवर्ष 180,000 मौतें और 500,000 दुर्घटनाएं होती हैं। इन दुर्घटना पीडि़तों में से 30 प्रतिशत को अगर तुरंत अस्पताल ले जाया जाए तो बचाया जा सकता है, यानी 50,000 जानें।
गडकरी ने बताया कि यदि लोग इन 50,000 लोगों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करते हैं तो उनकी जान बचाई जा सकती है हम ऐसे जीवनरक्षकों को रहवीर कहते हैं, और बचावकर्ता को 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सरकार आपातकालीन चिकित्सा देखभाल में आने वाली वित्तीय बाधाओं को दूर करेगी। मंत्री ने कहा कि इसके बाद, सडक़ के प्रकार की परवाह किए बिना चाहे वह राष्ट्रीय, जिला या नगरपालिका हो और जिस भी अस्पताल में पीडि़त को भर्ती कराया जाता है, हम सात दिनों तक के उपचार खर्च को तुरंत वहन करेंगे, अस्पताल के बिल का भुगतान अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक करेंगे। गडकरी ने कहा” हमारे देश में सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या विश्व स्तर पर सबसे अधिक है। यदि सभी सहयोग करें, तो हम अनगिनत जानें बचा सकते हैं।” उन्होंने निजी क्षेत्र की भागीदारी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आज रैपिडो ने पहल की है और अपना समर्थन देने का वादा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *