विकसित भारत’ की मजबूत नींव रखी जा रही
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और जन-धन योजना जैसी केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय सुरक्षा से जोड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के अवसर पर उन्होंने यह बात कही।
शाह ने कहा ‘गरीब कल्याण’ मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा गरीब कल्याण के 12 वर्षों में सरकार ने अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, मुद्रा ऋण योजना और पीएम स्वनिधि जैसी कल्याणकारी योजनाओं के जरिये करोड़ों नागरिकों को बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सुरक्षा और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा है। गृह मंत्री ने कहा बुनियादी ढांचे, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर जीवन स्तर के जरिये देश के गरीबों को आर्थिक मुख्यधारा से जोडक़र ‘विकसित भारत’ की मजबूत नींव रखी जा रही है। अमित शाह ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त यमुना हमारा संकल्प है और इस लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। यमुना में डेयरियों का कचरा जाने से रोकने के लिए गृह मंत्री ने कहा कि एनडीडीबी मॉडल के तहत डेयरियों और गौशालाओं से निकलने वाले गोबर को सीधे गैस और खाद संयंत्रों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही यमुना के किनारों पर जमा कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, औद्योगिक अपशिष्ट और नालों से निकलने वाले पानी की लगातार निगरानी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल संतोषजनक कार्य करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सटीक और मापने योग्य परिणाम प्राप्त करने पर ध्यान देना होगा।
गरीब कल्याण’ मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता :अमित शाह