मुख्यमंत्री ने गेहूँ उपार्जन केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण, अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए


किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा
मुख्यमंत्री ने कृषक को सौंपी अनाज खरीदी पावती
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन जिले में मंडलेश्वर तहसील के कतरगांव और शाजापुर जिले के ग्राम मकोड़ी में गेहूँ उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉ. यादव ने कलेक्टर और मंडी सचिव को निर्देशित किया कि गेहूँ उपार्जन से संबधित सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। डॉ. यादव ने कहा कि वे निरंतर आकस्मिक दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री ने कतरगांव में कृषक सुरेश पाटीदार की 55 क्विंटल गेहूँ की खरीदी के बाद ई-उपार्जन पोर्टल पर श्री पाटीदार को प्राप्ति ऑनलाइन जनरेट करवाई और कृषक को भुगतान राशि 1 लाख 44 हजार 374 रूपये का प्राप्ति पत्र सौंपा।
मुख्यमंत्री ने महेश्वर में रात्रि विश्राम के बाद आज खरगोन जिले में कतरगांव गेंहूँ उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और मंडी सचिव को निर्देशित किया कि उपार्जन/खरीदी केंद्रों पर पूरे 6 तौल कांटे लगाए जाएं। सभी 6 तौल कांटों पर निरंतर तुलाई कार्य चलता रहे। गेहूं खरीदी के आज से नए मापदंड जारी हुए है वह लागू हो जाएं। किसानों के लिए उपार्जन/खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त छाया और शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक अन्नदाता को सम्मान और सुविधा के साथ उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण किया जाए। किसानों की उपज की तुलाई समय पर हो सके इसके लिए पर्याप्त संख्या में बारदाने, तौल कांटे, सिलाई मशीन, स्लॉट बुकिंग हेतु कंप्यूटर, नेट कनेक्शन, कंप्यूटर ऑपरेटर, आदि व्यवस्थाएं उपार्जन केन्द्र पर हमेशा उपलब्ध रहें। उन्होंने उपार्जन केंद्र पर कृषकों की सुविधा के लिए पेयजल, टेंट, बैठक, इत्यादि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अन्नदाता को सम्मान, सुविधा एवं उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मकोड़ी में ट्रॉली पर चढक़र देखी उपज
मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले के ग्राम मकोड़ी में श्यामा गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहाँ स्लॉट बुकिंग और उपार्जन की अन्य व्यवस्था और किसानों को ओटीपी के माध्यम से किये जा रहे भुगतान की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उपार्जन केंद्र पर किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली पर चढक़र किसानों से संवाद किया। । डॉ. यादव ने किसानों को बताया कि उपार्जन अवधि 9 मई से बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है। जरूरत पडऩे पर उपार्जन अवधि को आगे भी बढ़ाया जाएगा। चिंता न करें उनकी उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। हमारी सरकार सभी किसानों के साथ खड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने उपार्जन स्थल पर गेहूं के वजन की मात्रा को अपने समक्ष तुलवाकर भी देखा। प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मकोड़ी किसानों की संख्या, खरीदी एवं परिवहन की मात्रा तथा भुगतान की राशि आदि के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
सरकार धर्म-संस्कृति की धारा को प्रवहमान बनाए रखने सतत् सक्रिय
मुख्यमंत्री ने कहा है कि मनुष्य जीवन में जिस तरह शरीर को भोजन आवश्यक है, उसी प्रकार आत्मा की शुद्धि के लिए भक्ति और सत्संग बहुत जरूरी है। राज्य सरकार ें धर्म-संस्कृति की धारा को निरंतर प्रवाहमान बनाए रखने के लिए सतत् सक्रिय है। मुख्यमंत्री शुजालपुर स्थित हाटकेश्वर धाम सेमली घाट में पंडित कमल किशोर नागर द्वारा प्रस्तुत श्रीमद्भगवत् कथा में सम्मिलित होकर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज ने सदैव देवताओं के समान हमारे समाज का मार्गदर्शन किया है। हमारी संतानें वंश और गौत्र की अमरता की निशानी हैं। डॉ. यादव ने कहा कि अगर संतान संस्कारित हैं तो उनके रूप में ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों का आशीर्वाद मिल जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के प्रसंग से संदेश मिलता है कि जीवन में धन, सुख, संपदा कितनी भी मिल जाए, लेकिन मन का प्रेम इन सबसे ऊपर और महत्वपूर्ण है। परमात्मा ने हमें समाज के लिए कुछ अच्छा करने का अवसर दिया है। हमारी संस्कृति त्याग और दान की संस्कृति है, हमें मूल्यों को अपनाने का हरसंभव प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उज्जैन के पास जानापाव और सांदीपनि आश्रम सहित भगवान श्रीकृष्ण के प्रत्येक लीला स्थल को पवित्र तीर्थ के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में गीता भवन और जनपदों में एक-एक आदर्श वृंदावन ग्राम बनाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *