बैरकपुर
नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए वापस आएंगे। इस चुनाव में यह मेरी आखिरी रैली है। मैं इस भरोसे के साथ वापस जा रहा हूं कि 4 मई के नतीजों के बाद मैं बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह में ज़रूर शामिल होऊंगा। इससे मेरा उत्साह और बढ़ जाता है।
पीएम ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसके शासन में राज्य में औद्योगिक गतिविधियाँ कम हो गई हैं और फैक्ट्रियाँ बंद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार के पास पश्चिम बंगाल के भविष्य के विकास के लिए कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। “डबल-इंजन सरकार” की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए मोदी ने तर्क दिया कि तेज़ विकास तभी संभव होगा जब राज्य और केंद्र मिलकर काम करेंगे। सत्ताधारी पार्टी को और निशाना बनाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के “सिंडिकेट सिस्टम” को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी पर यह भी आरोप लगाया कि वह रचनात्मक शासन के बजाय डराने-धमकाने और गाली-गलौज वाली राजनीति पर निर्भर है। मोदी ने महिला मतदाताओं से आग्रह किया कि वे वोट डालते समय तृणमूल कांग्रेस के कामकाज पर विचार करें और आरोप लगाया कि यह पार्टी उनके भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने राज्य को महिलाओं के लिए असुरक्षित बना दिया है और लोगों द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान नहीं किया है। उन्होंने मतदाताओं से टीएमसी के नाम पर किए गए कथित गलत कामों और डराने-धमकाने की घटनाओं को याद रखने को कहा
पश्चिम बंगाल के लोगों को लिखा भावुक पत्र
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के लोगों को एक भावुक पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने कहा कि हर चुनाव लोकतंत्र का एक पवित्र उत्सव होता है और उन्हें इसमें शामिल होकर खुद को सौभाग्यशाली महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लगातार रैलियों के बावजूद उन्हें जऱा भी थकान महसूस नहीं हुई। मोदी ने कहा कि बंगाल के चुनाव प्रचार के दौरान आध्यात्मिक अनुभूति हुई। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, बुज़ुर्गों और परिवारों के इस स्नेह को अपना “सबसे बड़ा खज़ाना” बताया। मोदी ने कहा कि बंगाल के युवा, महिलाएं, किसान और मज़दूर विकास और अवसरों के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि युवा आगे बढऩे के लिए खुले रास्ते चाहते हैं जबकि महिलाएं सुरक्षा और आज़ादी की उम्मीद करती हैं। अब बहुत डर हो चुका है अब लोग भरोसा चाहते हैं, अब वे बीजेपी चाहते हैं। मोदी ने कहा कि बंगाल की सेवा करना और उसे सुरक्षित रखना उनकी जि़म्मेदारी है और वे चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए दृढ़ हैं।