भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार ने पहली बार मध्यप्रदेश में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया है। युवाओं का सम्मान, उनकी बेहतरी और उन्हें अधिकाधिक रोजगार देने के लिए सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है।प्रदेश में 2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री रायसेन रोड स्थित ओरिएंटल कॉलेज में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद- 2026 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बड़े भाई की भूमिका में युवाओं से संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य दिव्य धाम बनकर तैयार है। भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। युवाओं के भरोसे ही भारत का लोकतंत्र सुरक्षित है और रहेगा। अमृतकाल में जब वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होंगे, तो भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली, समृद्ध और हर क्षेत्र में नम्बर एक देश बनेगा। डॉ. यादव ने छात्रों से निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया, नागरिकों के मताधिकार, वोटर लिस्ट और चुनाव आयोग की भूमिका पर संवाद किया। डॉ. यादव ने कहा कि मतदाता सूची की जानकारी सही हो और चुनाव की शुद्धता के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने एसआईआर सहित आवश्यक कदम उठाए हैं। डॉ. यादव ने कहा कि एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अर्जित किए। इनमें से 5 स्वर्ण पदक हैं। राज्य सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ा रही है।
किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩे किए जा रहे प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोडऩे, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और कृषि आधारित उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि उपज मंडी परिसर जबलपुर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्र वर्चुअली शामिल हुए।
किसानों को गौपालन के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने पशुपालन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को अच्छी नस्ल की गाय उपलब्ध कराने और उन्हें गौपालन के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए जाएंगे। किसानों के घरों में शुद्ध दूध और दही उपलब्ध हो तथा प्राकृतिक खेती एवं जैविक उत्पादों को बढ़ावा मिले, इस दिशा में भी सहभागिता आवश्यक है। डॉ. यादव ने जबलपुर में फूड पार्क और औद्योगिक गतिविधियों के विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से किसानों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिल सकता है। उन्होंने प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित हुआ सेवा-संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित हुआ। डॉ. यादव ने बताया कि पी.एम. धन-धान्य कृषि योजना में प्रदेश के 05 जिलों को बेहतर प्रदर्शन के लिए भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जा रहा है। इन जिलों में डिण्डौरी, सीधी, उमरिया टीकमगढ़ और शहडोल शामिल हैं। डॉ. यादव ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 2026 में प्रदेश ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। डॉ. यादव ने कहा कि धार्मिक पर्यटन में उज्जैन सबसे आगे रहा है। डॉ. यादव ने बताया कि इंदौर में आयोजित मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 में लगभग 5,800 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इनसे 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। समिट में जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्वीडन के प्रतिनिधिमंडलों की सहभागिता को भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक रुचि का संकेत बताया गया है।
सरकार मध्यप्रदेश में नई नीली क्रांति लाने के लिए तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश में नई नीली क्रांति लाने के लिए तैयार है। नई एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026 में प्रदेश का मत्स्य उत्पादन जल्द से जल्द दोगुना करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि निवेश, नवाचार और निर्यात से जोडक़र प्रदेश को मत्स्य पालन में देश का अग्रणी केन्द्र बनाने की दिशा में हम अग्रसर हैं।डॉ. यादव ने प्रदेश में होने वाले आगामी बड़े आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि 28 अक्टूबर को इंदौर में अर्बन कॉन्क्लेव होगा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर के उपलक्ष्य में कृषि वर्ष पर केन्द्रित 03 दिवसीय आयोजन होगा। गोवर्धन पूजा के अवसर पर वृंदावन ग्रामों के अच्छे पशुपालकों की प्रतियोगिता कराई जाएगी।

