यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

आर्थिक सहायता समाज के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण : डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने सुशासन संवाद कार्यक्रम को किया संबोधित

देश में सबसे अच्छी शिक्षा व्यवस्था अब मध्यप्रदेश की
माता-बहनों को अब तक 65 हज़ार करोड़ रुपए की दी गई सहायता
स्वामित्व योजना के प्रति ग्रामीणों में उत्साह और आशा का भाव
राष्ट्र की चिंता रहा है पत्रकारिता का आधार
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि माता-बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हमारा दायित्व है।शहडोल में तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाली माता – बहनों को बोनस के माध्यम से आर्थिक मदद की जा रही है। किसानों को भी हम आर्थिक रूप से सशक्त कर रहे हैं। बहनों, किसानों, गरीबों को दी जा रही छोटी – छोटी राशि आर्थिक सहायता, समाज के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण है। माता-बहनों को हमारी सरकार अब तक 65 हज़ार करोड़ रुपये की राशि दे चुकी है। देश में मध्यप्रदेश सरकार एकमात्र ऐसी सरकार है जो किसानों के सशक्तिकरण के साथ ही पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को भी प्रोत्साहित कर रही है। हमारी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय भूमि पर बने मकानों की नि:शुल्क रजिस्ट्री करने की पहल की है। इससे ग्रामीण उस मकान पर बैंक से ऋण ले सकेंगे। ग्रामीणों में स्वामित्व योजना के प्रति उत्साह और आशा का भाव है। अब अपने व्यापार को बढ़ाने या अन्य आर्थिक गतिविधियों के लिए ग्रामीण व्यक्ति अपने मकान पर ऋण ले सकेंगे, इससे अर्थव्यवस्था और सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने यह विचार भोपाल में आयोजित एक मीडिया समूह के कार्यक्रम “सुशासन संवाद 3.0′ में व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना, जनकल्याण और विकास के बीच वित्तीय संतुलन, सिंहस्थ 2028 को वैश्विक आध्यात्मिक आयोजन बनाने के लिए जारी तैयारी और अंर्तराज्यीय संबंधों पर चर्चा की। डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने सांदीपनि विद्यालय के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने का काम किया है। प्रदेश में एक समय वह भी था जब स्कूल में बैठने के लिए टाट- पट्टी तक की व्यवस्था नहीं थी। आज सांदीपनि विद्यालय आधुनिक सुविधाओं, बहुमंजिला भवनों और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों के साथ शिक्षा का आदर्श मॉडल बन रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और वे भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा तथा राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को आत्मसात करें। गर्व का विषय है कि देश में सबसे अच्छी शिक्षा व्यवस्था अब मध्यप्रदेश की है। डॉ. यादव ने कहा कि आचार्य सांदीपनि का नाम भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की अमर मित्रता से जुड़ा है। सांदीपनि विद्यालयों के नामकरण के पीछे यही भाव है कि विद्यार्थियों के बीच मित्रता, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा सदैव जीवंत रहे। आचार्य सांदीपनि शिक्षा, ज्ञान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। आचार्य सांदीपनि का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र निर्माण का आधार भी है।
केन-बेतवा लिंक परियोजना से संपूर्ण बुंदेलखंड को लाभ मिलेगा
मुख्यमंत्री ने अंर्तराज्यीय संबंधों पर चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का भाव है कि राज्यों में परस्पर सौहार्दपूर्ण प्रतिस्पर्धा होना चाहिए। राज्य सरकार ने पूरे बुंदेलखंड की बेहतरी के लिए, उत्तर प्रदेश सरकार के साथ केन-बेतवा लिंक परियोजना का एक लाख करोड़ रुपए का प्लान बनाया है, इससे पूरे बुंदेलखंड का भला होगा।
सिंहस्थ 2028 के लिए जारी हैं तैयारियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के दौरान आवागमन के लिए हर संभव प्रबंध किए जा रहे हैं। उज्जैन की आबादी तो आठ-दस लाख है, सिंहस्थ में लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं का आना संभावित है, आने-जाने के मार्ग, घाट, स्नान, दर्शन आदि का तद्नुसार प्रबंधन किया जा रहा है। सभी व्यवस्थाएं, समाज के वर्तमान परिवेश और आवश्यकताओं के अनुरूप की जा रही हैं। डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन का इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर हुआ है। महाकाल महालोक बनने के बाद उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। गत वर्ष सात करोड़ लोग उज्जैन आए इससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था बदल रही हैं, इसी क्रम में सारी व्यवस्थाएं भी स्थाई रूप से की जा रही हैं।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर प्रदान करेंगे भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर प्रदेश के 102 छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे। प्रत्येक विजेता को राशि रूपये 1 लाख की छात्रवृत्ति एवं प्रमाण पत्र दिया जायेगा।डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, व्यक्तित्व, भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, शिक्षा और जीवन-मूल्यों से भावी पीढ़ी को जोडऩे के उद्देश्य से आरंभ की गयी है।उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *