मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाना हमारा संकल्प

मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद से पहले किया संबोधित
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालो को बख्शा नहीं जाएग
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश में इस वर्ष गुरू पूर्णिमा ‘महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व’ के रूप में मनाई जाएगी। महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व के रूप में मनाई जा रही गुरू पूर्णिमा को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। इसे सांस्कृतिक-शैक्षणिक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए, जिससे गुरु-शिष्य परम्परा का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितने भी सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण होना शेष है, उनका लोकार्पण शीघ्र करा लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि श्री अनुराग जैन राज्य के पहले ऐसे अधिकारी हैं, जो मुख्य सचिव के बाद भारत सरकार के नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने हैं। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव के रूप में श्री जैन के लगभग 22 माह के कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी शासकीय विभागों में अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाना हमारा संकल्प है। डॉ. यादव ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान मिलना गर्व का विषय है। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की जनता के हित में जब भी कोई निर्णय लिया जाता है, तो मध्यप्रदेश सबसे पहले उसे लागू करने और नीतिगत व्यवस्था बनाने वाला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में उनकी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए गए हैं। पेपर लीक और परीक्षा सहित अन्य मामलों का फास्ट ट्रैक कोर्ट में 3 माह के भीतर निराकरण किया जाएगा। सरकार सुनिश्चित करेगी कि युवाओं के सपनों को साकार करने में कोई बाधा नहीं आये। नीट और अन्य सभी परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हों, इसके लिए स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल तैयार किया जाएगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालो को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी वर्ष के जल गंगा संवर्धन अभियान के लिए और बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा जल संरक्षण के छूटे हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाएगा। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश आने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में हाल ही में प्रदेश को 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मध्यप्रदेश, असम और गुजरात के बाद देश का तीसरा ऐसा राज्य बन गया है, जहां सेमीकंडक्टर तकनीक पर शोध और विनिर्माण कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान से सुशासन को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश की जनता से सीधा संवाद एवं जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान आगामी 7 अगस्त से प्रारंभ होगा। आगामी 8 जनवरी 2027 तक संचालित होने वाले इस अभियान में मंत्री, मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर आमजन से संवाद करेंगे, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे तथा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष आकलन करेंगे।अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करते हुए सुशासन की अवधारणा को व्यवहार में उतारना है।
प्रत्येक शुक्रवार जनता के बीच रहेगा प्रशासन
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को प्रदेशभर में विशेष फील्ड भ्रमण किया जाएगा। इस दिन अपरिहार्य परिस्थितियों को छोडक़र किसी भी स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित नहीं होंगी तथा पूरा दिन केवल मैदानी भ्रमण, जनसंवाद एवं समस्याओं के निराकरण के लिए समर्पित रहेगा। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, मुख्य सचिव तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे और शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे। जिला कलेक्टर प्रत्येक भ्रमण क्षेत्र का चयन एक सप्ताह पूर्व करेंगे तथा इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को देंगे।
भ्रमण से पहले होगी लंबित प्रकरणों की समीक्षा
भ्रमण से पूर्व संबंधित क्षेत्र में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर उनके शत-प्रतिशत निराकरण का प्रयास किया जाएगा। भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का भी यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। भ्रमण से पूर्व एवं भ्रमण के बाद लंबित प्रकरणों की तुलना कर जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा तथा अभियान की नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर पर की जाएगी।
सादगी और मितव्ययिता होगी अभियान की विशेषता
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सादगी एवं मितव्ययिता के सिद्धांतों पर संचालित होगा। अभियान के दौरान अनावश्यक साज-सज्जा एवं गैर-जरूरी व्यय से परहेज किया जाएगा। वाहनों की पूलिंग व्यवस्था अपनाई जाएगी तथा संवाद कार्यक्रम शासकीय संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *