सच्ची देशभक्ति अपने कर्तव्यों को पूरा करने में है
बुलंदशहर । सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में हर जिले में दंगे और माफिया का राज था, लेकिन अब प्रदेश में न कर्फ्यू है और न दंगा, सब चंगा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर कानून-व्यवस्था बिगाडऩे का आरोप लगाते हुए वर्तमान में सुशासन और सुरक्षा का दावा किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सच्ची देशभक्ति सिफऱ् अधिकारों के लिए नारे लगाने में नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को पूरा करने में है। एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोग अक्सर अपने अधिकारों की मांग तो करते हैं लेकिन ऐसी मांगें कभी भी देश, समाज या संस्थानों की कीमत पर नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार एक अनुशासित शिक्षक जो समय पर शिक्षा पूरी करने के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी देता है, वह नारों की तुलना में देश की कहीं अधिक सेवा करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को सबसे ऊपर रखना ही एक सैनिक की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि देश के हितों के ख़िलाफ़ कोई भी कदम मंज़ूर नहीं है और कहा कि निस्वार्थ सेवा और त्याग की भावना ही भारत की सुरक्षा की रक्षा करती है और देश को मज़बूत बनाती है। योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में हर जिले में दंगा होता था, हर थाने में माफिया था, हर जिले में सिंडिकेट था, जो युवाओं के रोजगार को प्रभावित करता था। आज प्रदेश में ना कर्फ्यू है ना दंगा है, अब सब चंगा है। योगी के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई परिवारों को अपनी बेटियों को दूर के रिश्तेदारों के यहां रहने के लिए भेजना पड़ता था ताकि वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। उन्होंने आगे दावा किया कि व्यापारी घर से निकलते समय यह सोचते थे कि क्या वे शाम तक अपने परिवारों के पास सुरक्षित लौट पाएंगे। योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हर जि़ले में माफिया का बोलबाला था और हर थाने में माफिया का कोई न कोई गुर्गा रंगदारी वसूलता था। योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई कर्फ्यू, दंगे या कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है।
न कर्फ्यू, न दंगा, अब उत्तर प्रदेश में सब चंगा :आदित्यनाथ