यत्र तत्र सर्वत्र
LIVE

बहनों को सशक्त बनाना हमारी पहली प्राथमिकता : डॉ. यादव

भिण्ड में लाड़ली बहना योजना का हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम

महिला सशक्तिकरण में लाड़ली बहना योजना क्रांतिकारी पहल
प्रदेश में शीघ्र प्रारंभ होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा
बहनों के खातों में अंतरित किये 1835 करोड़ रुपए
भोपाल :मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महिलाएं परिवार की रीढ़ और इज्जत होती हैं। सनातन संस्कृति में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण के लिये प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, जो निरंतर जारी रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बहनों को सशक्त बनाना अपनी पहली प्राथमिकता मानते हैं। वे चाहते हैं कि ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाएं प्रमुख भूमिका में रहें। महिला कल्याण और सशक्तिकरण की यही नीति मध्यप्रदेश सरकार की भी है। प्रदेश की लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रांतिकारी साबित हो रही है। मुख्यमंत्री भिंड जिले के लहार में लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को लाड़ली बहना योजना की 38वीं किश्त के रूप में 1835 करोड़ रुपए से अधिक की प्रोत्साहन राशि अंतरित कर संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कामकाजी महिलाओं की समृद्धि, सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार सभी आवश्यक प्रयास कर रही है। बहनों और बेटियों के साथ युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को इतना सक्षम बनाया जाएगा कि वे नौकरी पाने में नहीं, बल्कि नौकरी प्रदान करने में सक्षम बनें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कतिपय लोग महिला कल्याण कार्यक्रमों का विरोध करते हैं। ऐसे लोगों ने स्वयं तो कभी भी लाड़ली बहना जैसी कारगर योजना प्रारंभ नहीं की, अब वे निंदा के अलावा कुछ नहीं करते। यह सर्वविदित है कि लाड़ली बहना योजना में बहनों को दी जा रही राशि परिवार में खुशियां लाने का माध्यम बनी हैं। हमारी बहनें लक्ष्मी, सरस्वती और जगदम्बा का स्वरूप हैं। डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ रहा है। देश का इतिहास बदल रहा है। अब महिला आरक्षण की पहल से इतिहास का नया अध्याय प्रारंभ होगा। कतिपय लोगों ने महिला आरक्षण के प्रावधान में बाधा बनने का कार्य किया है, लेकिन अंतत: बहनों को सशक्त बनाने के प्रयास सफलता प्राप्त करेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि शीघ्र ही राज्य में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा भी प्रारंभ की जा रही है। कई वर्ष से हमारी बहनों और बेटियों के साथ सभी नागरिकों को ऐसी सेवा की आवश्यकता थी। राज्य शासन द्वारा इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि भिंड जिले में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। भिण्ड का जवान सीमा की रक्षा करता है और किसान खेती से अपनी पहचान बनाता है। इस अंचल का संबंध महाभारत से जोड़ा जाता है। लहार नामकरण यहां लाक्षागृह के होने से हुआ, ऐसी मान्यता है।
सांदीपनि विद्यालयों से शिक्षा के साथ मिल रहे संस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास गवाह है कि भगवान कृष्ण और सुदामा की मैत्री का उदाहरण सांदीपनि आश्रम था, अत: राज्य शासन ने सांदीपनि विद्यालय का नाम देकर विद्यार्थियों को समानता के महत्व से भी अवगत करवाया है। सर्वसुविधा युक्त सांदीपनि विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार देने का कार्य भी कर रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि आराध्य श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रेरणा से प्रदेश में समान नागरिक संहिता इसी माह लागू करने की प्रक्रिया चल रही है। बड़ी संख्या में मुस्लिम बहनों और भाइयों ने भी नई व्यवस्था का समर्थन किया है। यूसीसी का उद्देश्य प्रदेश में व्यक्तिगत और पारिवारिक विधियों के अंतर्गत विवाह, विवाह विच्छेद, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और संबंधित विषयों का संचालन पृथक-पृथक प्रावधानों के स्थान पर समान रूप से किए जाने की व्यवस्था लागू करना है।
सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए संकल्पित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषक, गरीब, महिला और युवाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए संकल्पित है। कृषक कल्याण वर्ष में किसानों के हित के लिए कई योजना बनाई गई हैं। किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी फसलों का उपार्जन किया जा रहा है। गौशालाओं की स्थापना और अनुदान के माध्यम से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर देश में तीसरे स्थान से पहले स्थान पर लाने के प्रयास जारी है। प्रदेश में उद्योग और व्यवसाय में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है। प्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे कम है और शासन का प्रयास है कि प्रदेश का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में गीता भवन प्रारंभ हो रहे हैं। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में वृंदावन ग्राम की संकल्पना साकार होगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी भारत के पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता की प्रति अन्य राज्यों से आए विशिष्ट अतिथियों को भेंट करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *