दुनिया को भारत से सही रास्ता दिखाने की उम्मीद:भागवत


पांच महाद्वीपों के लोग आरएसएस से ट्रेनिंग मांग रहे
नागपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने दावा किया है कि दुनिया के पांच महाद्वीपों से लोग संघ के कामकाज को देखने आ रहे हैं और वे चाहते हैं कि आरएसएस के स्वयंसेवक उनके देशों में जाकर लोगों को ट्रेनिंग दें।
भागवत ने कहा कि विदेशों से समय-समय पर लोग संघ का कार्य देखने आते हैं। वे यह जानना चाहते हैं कि आरएसएस किस तरह समाज के लिए समर्पित स्वयंसेवक तैयार करता है और अपने देशों में भी ऐसे कार्यकर्ताओं को तैयार करने के लिए संघ की मदद चाहते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में धीरे-धीरे संघ की स्वीकार्यता और सम्मान बढ़ रहा है। शुरुआती वर्षों में संगठन को जिस तरह की उपेक्षा और बेरुखी का सामना करना पड़ा था, वह अब काफी हद तक समाप्त हो रही है। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि संघ की पहली प्राथमिकता ऐसे लोगों को तैयार करना है, जो समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा का काम कर सकें। उन्होंने उस धारणा को भी खारिज किया कि क्रस्स् विभिन्न संगठनों को दूर से नियंत्रित करता है। उन्होंने कहा कि संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार ने अलग-अलग क्षेत्रों में काम करते हुए महसूस किया था कि सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित और प्रशिक्षित लोगों की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि शाखा में स्वयंसेवक हर परिस्थिति में अनुशासन, सेवा और संगठन के मूल्यों के साथ जीवन जीना सीखते हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एकजुट करना है। डॉ. हेडगेवार ने केवल उपदेश नहीं दिए, बल्कि अपने जीवन से उदाहरण प्रस्तुत कर संगठन के प्रति समर्पण का मार्ग दिखाया। भागवत ने कहा कि दुनिया मानती है कि भारत उसे सही रास्ता दिखा सकता है, लेकिन इसके लिए पहले भारत को खुद उस मार्ग पर चलना होगा, मजबूत और समृद्ध बनना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *