अयोध्या : राम मंदिर के लिए मिले दान के कथित गलत इस्तेमाल पर मचे विवाद के बीच, राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर के मैनेजमेंट सिस्टम में पूरी तरह बदलाव की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस घटना से देख-रेख, जवाबदेही और तय नियमों के पालन में गंभीर कमियां सामने आई हैं। मिश्र ने कहा कि कथित अनियमितताएं न सिफऱ् भक्तों की आस्था के लिए एक चुनौती थीं, बल्कि मंदिर के एडमिनिस्ट्रेटिव ढांचे की कमियों के बारे में एक बड़ी चेतावनी भी थीं।
मिश्रा ने कहा कि मेरा दृढ़ मत है कि पूरे प्रबंधन ढांचे को पुनर्गठित किया जाना चाहिए और अनुभवी पेशेवरों को सौंपा जाना चाहिए। मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था के बारे में बताते हुए मिश्रा ने कहा कि मंदिर का ज़्यादातर कामकाज किसी स्पष्ट संस्थागत ढांचे के बजाय अनौपचारिक रूप से स्वयंसेवकों द्वारा चलाए जाने वाले सिस्टम पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अभी मैनेजमेंट का काम करने का तरीका अलग है। वहाँ काम करने वाले ज़्यादातर लोग वॉलंटियर हैं। उन्हें अनौपचारिक रूप से बताया जाता है कि अपनी ड्यूटी कैसे निभानी है, लेकिन कोई लिखित आदेश, तय जि़म्मेदारियाँ या काम का सही बँवारा नहीं है। मिश्रा के अनुसार, मंदिर परिसर में लगभग 1,500 लोग अलग-अलग कामों में लगे हुए हैं, इसलिए एक औपचारिक और जवाबदेह मैनेजमेंट स्ट्रक्चर का होना ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संस्था, जहाँ देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और दान देते हैं, उसके लिए साफ़ तौर पर तय प्रशासनिक नियम और जवाबदेही के तरीके ज़रूरी हैं। मिश्रा ने कहा कि इस घटना ने उन सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिन्हें श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा के लिए बनाया गया था।
राम मंदिर का बदलना होगा मैनेजमेंट सिस्टम : चेयरमैन